उत्तराखंड में फिर बढ़ने लगे कोरोना संक्रमण के मामले, आज का कोरोना अपडेट
देहरादून। उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की रफ्तार दिन-ब-दिन तेजी पकड़ती जा रही है। हालात ये हैं कि अब प्रदेश में संक्रमण के तकरीबन 200 नए मामले रोजाना सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के शनिवार के हैल्थ बुलेटिन के हिसाब से तो कोरोना संक्रमण एक बार फिर गंभीर रूप लेता दिख रहा है। बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कोरोना संक्रमण के 260 नए मामले सामने आए हैं। कोरोना संक्रमण के मामलों में अचानक हुई बढ़ोत्तरी से स्वास्थ्य विभाग और सरकार की चिंताएं भी बढ़ने लगी हैं। ऐसा इसलिए कि प्रदेश में अब कुल सक्रिय संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 1000 के पार पहुंच गया है। अब हर तरफ यह आशंका जताई जाने लगी है कि ये कहीं कोरोना संक्रमण की चौथी लहर की आहट तो नहीं है। जानकारों का मानना है कि अगर अगले कुछ दिनों तक कोरोना संक्रमण के मामले इसी रफ्तार से बढ़ते रहे तो सरकार को संक्रमण से बचाव को लेकर कुछ अहम फैसले भी लेने पड़ सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को जारी हेल्थ बुलिटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के सबसे अधिक 149 मामले देहरादून जिले में सामने आए हैं। नैनीताल में 51, अल्मोड़ा में 14, हरिद्वार में 12, रुद्रप्रयाग में 13, टिहरी में 3, यूएस नगर में 6, उत्तरकाशी में 4, पिथौरागढ़ में 6 और चम्पावत में 2 नए मामले सामने आए हैं। इस बीच विभिन्न अस्पतालों और होम आईसोलेशन में रह रहे 103 मरीज इलाज के बाद ठीक होकर घरों को लौटे हैं। बुलेटिन के अनुसार, राज्य में अब कोरोना संक्रमण के कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 1040 हो गई है।
