सड़क पर चलती कार बन गई आग का गोला,  पुलिस ने बचाई  कार सवार लोगों की जान

भवाली। शुक्रवार को क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होते होते बचा। बचाव कार्य में थोड़ा और  विलंब होता तो दो लोगों की जान जा सकती थी। दरअसल, आज सुबह  एक चलती कार में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते कार  धू-धू कर जलने लगी। गनीमत  रही कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने कार में फंसे दो लोगों को बचा लिया। जानकारी के मुताबिक, चौकी खैरना पुलिस को  गरमपानी बाजार में एक वाहन में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलने पर  चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंच कर टीम ने देखा कि गरमपानी बाजार में सड़क पर खड़ी अल्टो 800 कार संख्या यूए 04 2387  में आग लगी थी। पुलिस जवानों व स्थानीय लोगों द्वारा आग बुझाई गई और कार में फंसे कार मालिक गोपाल चंद्र पुत्र स्वर्गीय दौलत राम, निवासी- चकविसौद, पोस्ट- राती घाट जिला- नैनीताल तथा उनके भाई शंकरलाल को आग से बचा लिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि इतनी ज्यादा बढ़ चुकी थी कि आसपास के घरों में भी फैल सकती थी, लेकिन  पुलिस और जनता ने तत्काल कार्रवाई कर आग पर काबू पा लिया और लोगों की जान बचा ली। बाद में वाहन को मौके से  हटा कर यातायात को सुचारु किया गया। रेस्क्यू करने वाली ‌ पुलिस टीम में उप निरीक्षक दिलीप कुमार के अलावा कांस्टेबल राजेंद्र प्रमाद व कांस्टेबल प्रयाग शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *