यहां जान हथेली पर लेकर चलने को मजबूर हैं लोग, भारी बारिश से बढ़ रही मुश्किलें
पिथौरागढ़। लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से यहां के लोगों के लिए रोज़मर्रा की दुश्वारियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। बारिश के चलते जगह-जगह हो रहे भूस्खलन की वजह से तमाम सड़कें बंद हैं। ज़िले में काली, गोरी, धौली और सरयू जैसी छोटी- बड़ी तमाम नदियां और नाले- गधेरे भी इन दिनों पूरे उफान पर हैं ।
जानकारी के अनुसार , जिले में थल- मुनस्यारी सड़क के साथ ही 16 ग्रामीण सड़कें पूरी तरह बंद पड़ी हैं, इसके कारण जिला मुख्यालय से ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क पूरी तरह कट गया है। ऐसे विकट हालात में ग्रामीण अपनी जान हथेली में रखकर नदी और नालों को पार कर आवाजाही करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सभी ग्रामीण संपर्क मार्गों को जल्द से जल्द ठीक करने के साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में राहत पहुंचाने की मांग की है।
जनपद के धारचूला, मुनस्यारी और बंगापानी तहसील बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित बताए जा रहे हैं। इन इलाकों में लगातार भूस्खलन से जहां आबादी वाले इलाकों में खतरा उत्पन्न हो गया है तो वहीं सड़कें भी लगातार बंद हो रही हैं। हालांकि प्रशासन के साथ ही सेना और बीआरओ द्वारा भी लगातार सड़कों को खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। अपर जिलाधिकारी के मुताबिक, भारी बारिश को देखते हुए जिले के सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट रखा गया है। साथ ही सड़कों को खोलने का काम भी लगातार जारी है ताकि ग्रामीण इलाकों का संपर्क बहाल किया जा सके।
