संदिग्ध परिस्थतियों में फंदे से लटकी मिली महिला की लाश, 4 दिनों से थी लापता
नयी टिहरी। जिले में बुधवार को एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके वालों का आरोप है कि उसके पति और ससुरालियों ने उसकी हत्या की है। उनका कहना है कि मृतका के ससुराल वालों ने उनकी गैरमौजूदगी में शव को फंदे से उतार लिया। मायके पक्ष ने प्रशासन से ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जिला मुख्यालय पर प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जिले की बालगंगा तहसील के मयकोट गांव के जंगल में पैयापानी नामक तोक में एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। मृतका की शिनाख्त रजनी देवी पत्नी हेमंत लाल (उम्र 28 वर्ष), निवासी मयकोट के रूप में की गई।
मृतका के मायके वालों का कहना है कि वह बीती 10 जुलाई से घर से गायब थी। अब उसका शव गांव से थोड़ी दूर जंगल में पैयापानी नामक तोक में मिला है। मृतका के ससुराल पक्ष के लोग राजस्व पुलिस को सूचना देकर शव को फंदे से उताकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर ले गए।
ससुर शिव चरण ने बताया कि उन्हें रजनी की लाश गांव के नजदीक गदेरे में फंदे पर लटकी मिली, जबकि पिता किशोरी लाल ने ससुरालियों पर आरोप लगाया है कि वे उनकी बेटी को पहले से ही परेशान करते थे। मृतका की लाश के सिर से खून निकलने और आंख पर चोट लगने के निशान होने की बात कहते हुए उन्होंने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने राजस्व विभाग को पैसे खिला दिए हैं, इसीलिए उनकी तहरीर लेने में आनाकानी की जा रही है।
दूसरी ओर तहसीलदार लक्ष्मण सिंह नेगी के अनुसार, तहसील प्रशासन को जैसे ही घटना के बारे में जानकारी मिली तो जांच टीम मौके पर पहुंच गई थी। मृतका के शव को देखकर लग रहा है कि ये आत्महत्या है। हालांकि, सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगी। बहरहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए नई टिहरी भेज दिया गया है। राजस्व क्षेत्र से जुड़ा होने की वजह से फिलहाल, मामले की जांच राजस्व विभाग की टीम कर रही है।

