टैस्ट ड्राइव के बहाने बाइक लेकर चंपत हो जाने वाला शातिर बाइक चोर गिरफ्तार
आरोपी से चोरी की 2 महंगी बाइकें बरामद
देहरादून। थाना रानीपोखरी पुलिस ने एक ऐसे बाइक चोर को गिरफ्तार किया है, जो टैस्ट ड्राइव के बहाने लोगों की बाइक लेकर फुर्र हो जाता था। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से पुलिस ने दो मंहगी बाइकें भी बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, 16 अप्रैल को भोगपुर, रानीपोखरी निवासी विश्वनाथ तिवारी द्वारा लिखित तहरीर दी गई कि 13 अप्रैल को शाम लगभग 18:30 बजे उसका बेटा आशुतोष तिवारी अपनी मोटरसाइकिल संख्या UK08 AZ 0324 केटीएम को लेकर सामान लेने भोगपुर में गया था। उसने सामान लेने के लिए दुकान के आगे मोटरसाइकिल खड़ी की। सामान लेकर वापस आया तो मोटरसाइकिल नहीं मिली। लगातार ढूंढने का प्रयास करने के बाद भी अभी तक बाइक नहीं मिली इसलिए रिपोर्ट दर्ज करा रहे हैं। लिखित तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया था।
गठित पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल के आसपास आने और जाने वाले सीसीटीवी खंगाले। जिसमें मोटरसाइकिल चोर ऋषिकेश नटराज तिराहा होते हुए टिहरी होकर उत्तरकाशी की तरफ जाते दिखाई दिया। इस पर संदिग्ध व्यक्ति की सीसीटीवी फुटेज एसओजी उत्तरकाशी को भेजी गई और पुलिस टीम को भी उत्तरकाशी रवाना किया गया।
एसओजी उत्तरकाशी के सहयोग एवं विशेष प्रयास से अभियुक्त केशव बिजल्वाण को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ जोशियाड़ा पुल, उत्तरकाशी की पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ करने पर अभियुक्त द्वारा देहरादून में एक अन्य मोटरसाइकिल की चोरी करना भी बताया गया। इस पर गिरफ्तार अभियुक्त को मय बरामद मोटरसाइकिल के वापस थाना रानीपोखरी लाकर विस्तृत पूछताछ की गई तो अभियुक्त द्वारा इसी साल 29 मार्च को टोल प्लाजा, डोईवाला से एक अन्य मोटरसाइकिल को धोखे से चोरी करने की बात बताई। इसे लच्छीवाला के जंगल में छुपाना बताया।
थाना डोईवाला से जानकारी की गई तो पता चला कि इस संबंध में चौकी हर्रावाला, थाना डोईवाला पर पूर्व से अभियोग पंजीकृत है। इस पर संबंधित मुकदमे के विवेचक उप निरीक्षक सुनील नेगी द्वारा भी अभियुक्त से पूछताछ की गई तो उसने उक्त मोटरसाइकिल को धोखे से चोरी करना बताया। उसे आज 18 अप्रैल को अभियुक्त की निशानदेही पर बरामद किया गया।
अभियुक्त केशव बिजल्वाण नशे का आदी है जो पूर्व में भी जनपद उत्तरकाशी से चरस तस्करी में 2021 में जेल जा चुका है।
