उत्तराखंड

हल्द्वानी में वीकेंड ट्रैफिक प्लान लागू: 9-10 मई को शहर में भारी वाहनों की नो एंट्री, पर्यटकों के लिए रूट डायवर्ट

हल्द्वानी। पर्यटन सीजन के चलते वीकेंड पर जिले में दो दिन रूट डायवर्ट किया जाएगा। यह डायवर्जन प्लान सुबह नौ से रात 10 बजे तक प्रभावी रूप से लागू रहेगा। इसमें बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों के वाहन व भारी वाहनों की शहर में नो एंट्री रहेगी।

शहर के बाहर के रास्तों से ही उन्हें पर्वतीय क्षेत्रों में भेजा जाएगा। बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है। नैनीताल पुलिस के अनुसार नौ व 10 मई को रूट डायवर्ट रहेगा। इसमें सुबह छह से रात 11 बजे तक यात्रा रूट पर भारी वाहनों का प्रतिबंध रहेगा।

वहीं पर्वतीय क्षेत्र से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहन सुबह आठ से रात नौ बजे तक सीमा पर रोके जाएंगे। उनके वाहनों की पार्किंग नंबर-01 बैंड, एचएमटी क्षेत्र, सलड़ी चौकी व अमृतपुर मोड़ क्षेत्र में की गई है। वहीं मैदानी क्षेत्र से पर्वतीय क्षेत्र को जाने वाले भारी वाहन गौलापार पुराने आरटीओ फिटनेस सेंटर व खेड़ा चौकी के पास रोके जाएंगे।

बरेली रोड से आने वाले पर्यटकों के वाहन यहां से जाएंगे

बरेली रोड से आने वाले पर्यटकों के वाहन तीनपानी फ्लाईओवर होते हुए गौलापार रोड से निकलेंगे। जो नरीमन तिराहा से होते हुए पर्वतीय क्षेत्रों को जाएंगे। वहीं रुद्रपुर-पंतनगर से आने वाले वाहन लालकुआं होते हुए तीनपानी फ्लाईओवर से ऊपर को जाएंगे।

पर्वतीय क्षेत्र से मैदान को आने वाले वाहन इस रूट से जाएंगे

पर्वतीय क्षेत्र से मैदान को आने वाले वाहन काठगोदाम नरीमन तिराहा से गौलापार रोड होते हुए बरेली रोड से अपने गंतव्य को जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *