उत्तराखंड

नैनीताल: कलेक्ट्रेट पार्किंग में कार से अधिवक्ता का शव मिला, आत्महत्या की आशंका

नैनीताल से दुखद खबर सामने आ रही है यहां कलेक्ट्रेट पार्किंग क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया। एक कार के अंदर अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी का शव मिलने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पार्किंग में खड़ी कार से अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और कार के भीतर झांककर देखा तो अधिवक्ता खून से लथपथ हालत में पड़े थे। सूचना मिलते ही पार्किंग संचालक ने पुलिस और अन्य अधिवक्ताओं को जानकारी दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने कार की जांच की, जिसमें अधिवक्ता के हाथ में पिस्टल मिली। वहीं, कार के डैशबोर्ड से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, नोट में अधिवक्ता ने अपनी गंभीर बीमारी से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात कही है। उन्होंने अपने पत्र में कुमाऊं आयुक्त, जिलाधिकारी और एसएसपी से पत्नी का ख्याल रखने की अपील भी की है, ताकि वह कोई गलत कदम न उठाएं। हालांकि, पुलिस ने अभी सुसाइड नोट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *