अपराध

महंगा पड़ा प्रेमी को सरप्राइज गिफ्ट देने का खयाल, गर्लफ्रेंड ने शोरूम से उड़ाईं ब्रांडेड घड़ियां, गिरफ्तार  

 

 

हैदराबाद। शहर के पॉश इलाके जुबली हिल्स से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने अपने प्रेमी के जन्मदिन पर उसे इम्प्रेस करने और महंगा तोहफा देने के चक्कर में चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला। पैसों की तंगी के बावजूद महंगे गिफ्ट का शौक पूरा करने के लिए उसने एक नामी शोरूम से दो ब्रांडेड घड़ियां चुरा लीं, लेकिन सीसीटीवी कैमरे ने उसकी पूरी चालाकी की पोल खोल दी। शिकायत के बाद पुलिस ने युवती के साथ-साथ उसके प्रेमी को भी गिरफ्तार कर लिया है।

कार में इंतजार कर रहा था बॉयफ्रेंड, प्रेमिका ने रची साजिश

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, खम्मम इलाके की रहने वाली यह युवती अपने प्रेमी के साथ कार में सवार होकर जुबली हिल्स पहुंची थी। बताया जा रहा है कि दोनों पहले से ही कोई महंगा गिफ्ट खरीदने की फिराक में थे, लेकिन युवती के पास इतने पैसे नहीं थे कि वह कोई कीमती चीज खरीद सके। ऐसे में उसने एक योजना बनाई। वह अपने प्रेमी को कार में ही बैठा छोड़कर पास की एक नामी घड़ी की दुकान में दाखिल हो गई।

बड़ी चालाकी से पार कीं टिसोट की दो महंगी घड़ियां

दुकान के अंदर पहुंचने के बाद युवती ने ग्राहकों की तरह बर्ताव किया और मौका पाते ही बड़ी सफाई से टिसोट ब्रांड की दो महंगी घड़ियां चुरा लीं। किसी को उस पर शक न हो, इसलिए वह बड़े आराम से दुकान से बाहर निकली और चुराई गई घड़ियां अपने प्रेमी को उसके जन्मदिन के तोहफे के रूप में सौंप दीं। शुरुआत में प्रेमी को भी यही लगा कि उसकी गर्लफ्रेंड ने ये घड़ियां खरीदकर उसे गिफ्ट की हैं।

स्टॉक मिलान में हुआ खुलासा, सीसीटीवी ने पहुंचा दिया हवालात

चोरी का यह राज तब खुला जब दुकान के कर्मचारियों ने स्टॉक का मिलान किया और दो घड़ियां गायब पाईं। इसके बाद स्टोर मैनेजर ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें युवती साफ तौर पर घड़ियां चुराते हुए नजर आ गई। फुटेज के आधार पर शोरूम मैनेजर ने जुबली हिल्स पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलि। स ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। चूंकि घटना के वक्त प्रेमी भी साथ था, इसलिए पुलिस ने उसे भी पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि यह चोरी अचानक की गई थी या इसकी पूरी योजना पहले से बनाई गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *