लचर स्वास्थ्य सेवाओं का शिकार चंद्रमोहन सिंह नेगी राजकीय बेस अस्पताल, विरोध में धरना-प्रदर्शन
पौड़ी। उत्तराखंड बेरोजगार संगठन के बैनर तले नगर के विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने कोटद्वार बेस अस्पताल में लचर स्वास्थ्य सुविधाएं होने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बेस अस्पताल के समक्ष प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि बेस अस्पताल में डॉक्टरों की कमी से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। कहा कि तकनीशियनों की कमी के कारण एमआरआई कराने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। बिना चिकित्सक और स्टाफ के कारण मरीजों को आईसीयू समेत कई स्वास्थ्य सुविधाओं को लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुई तो वे नगर में रैली निकालकर बड़े स्तर पर आंदोलन को बाध्य होंगे। बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने कहा कि बेस अस्पताल में डॉक्टरों की कमी है जिससे अस्पताल रेफरल सेंटर बना हुआ है। कोटद्वार के लोगों को इलाज के लिए बिजनौर, हरिद्वार और देहरादून जाना पड़ रहा है। आईसीयू की हालात पहले से भी बदतर है। यहां एक भी चिकित्साधिकारी या फिजिशियन उपलब्ध नहीं है। राज्य आंदोलनकारी एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रमेश भंडारी ने कहा कि यदि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो नगर में रैली निकाल प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने शासन, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से बेस अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति, आईसीयू की हालत सुधारने समेत व्यवस्थाएं सुधारने की मांग की है। इस मौके पर समाजसेवी मनमोहन, आशीष बिश्नोई, सौरभ गुसाईं व हिमांशु ध्यानी समेत कई लोग धरने पर बैठे।

