लाखों की नकदी और जेवर चुराने की थाने में लिखाई रिपोर्ट, बिजली मिस्त्री पर लगाया आरोप
रुद्रपुर। घर में बिजली का काम करने आए मिस्त्री पर अलमारी का लॉकर काटकर लाखों की नकदी और जेवरात चोरी करने का आरोप है। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस्लामनगर निवासी मुख्तियार अहमद ने बताया कि उनके घर में इन दिनों मरम्मत का काम चल रहा है। बिजली फिटिंग और पीवीसी का काम होने के कारण घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि घर में रखी लोहे की अलमारी में लाखों की नकदी और सोने के जेवरात रखे थे। बच्चों ने मजदूरों की मदद से अलमारी को उठवाकर बरामदे में रखवा दिया था। रविवार को रुपये की आवश्यकता होने पर जब उन्होंने अलमारी खोली तो उसका लॉकर कटा हुआ मिला। लॉकर में रखी नकदी और जेवरात गायब थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पीवीसी मिस्त्री अपना काम पूरा कर पहले ही जा चुका था, जबकि बिजली मिस्त्री घर में काम करता रहा। बताया कि 19 फरवरी को बिजली मिस्त्री उनसे रुपये लेकर गया था और इसके बाद काम पर नहीं लौटा। कई बार बुलाने के बावजूद वह वापस नहीं आया। उन्होंने बिजली मिस्त्री पर संदेह जताते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कच्ची शराब के साथ तीन गिरफ्तार
उधर, पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से तीन आरोपियों को 70 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है। शनिवार को रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने गांव सिरसा, पुलभट्टा निवासी राज सिंह के पास से 15 लीटर शराब, गांव पूर्वी उकरौली निवासी राजू के पास से 30 लीटर कच्ची शराब और गांव रूदपुर, शक्तिफार्म निवासी प्रशांत मंडल के पास से 25 लीटर कच्ची शराब बरामद की है।
महिला और किशोर से स्मैक बरामद
पुलिस ने शनिवार को चेकिंग के दौरान महिला और किशोर से 14.12 ग्राम स्मैक बरामद की है। महिला को गिरफ्तार कर लिया, जबकि किशोर को पुलिस ने संरक्षण में ले लिया। उपनिरीक्षक बबीता टम्टा, एएसआई सुरेन्द्र सिंह दानू, अमित जोशी, सुरेश सिह, अर्जुन सिंह नगन्याल ने सिडकुल फेज-2 में निर्मलनगर की ओर से आने वाले रास्ते पर एक स्कूटी को रोका। पुलिस को देख चालक स्कूटी को लौटाने लगा। इस दौरान स्कूटी रपट गई। इससे स्कूटी सवार महिला समेत दोनों सवार गिर गए। स्कूटी चालक 14 वर्षीय किशोर से 5.71 ग्राम और पीछे बैठी महिला सरनजीत कौर पत्नी स्व. परमजीत सिंह निवासी गुरुनानक नगरी गोठा के पास से 8.41 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

