तीर्थ नगरी में घटी शर्मनाक घटना, पति से मिलने आई महिला से हुआ दुष्कर्म, तीन गिरफ्तार
हरिद्वार। पति से मिलने हरिद्वार आई महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में पुलिस ने होटल मैनेजर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोर्ट में पेशी के बाद तीनों को जेल भेजा गया है। शहर कोतवाली पुलिस के अनुसार, यह वारदात शनिवार देर शाम हुई। पीड़िता का पति सिडकुल की एक फैक्ट्री में कार्यरत है। यूपी में रहने वाली महिला अपने पति से मिलने हरिद्वार आई थी। बस अड्डे के पास ऑटो चालक ने बहला-फुसलाकर अपने वाहन में बैठाया। कुछ दूरी पर ले जाकर महिला को एक कार में बैठा दिया। कार चालक उसे शिवमूर्ति गली स्थित होटल ले गया। ऑटो चालक भी पीछे-पीछे वहां पहुंच गया। इसके बाद होटल में महिला से दुष्कर्म किया गया। वह किसी तरह बचकर शहर कोतवाली पहुंची। कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि जांच के दौरान लोकेशन ट्रेस कर आरोपियों को नहर पटरी से गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अंकित वर्मा निवासी बड़ी जामा मस्जिद नहटौर बिजनौर हाल पता-श्रीराम एन्क्लेव सराय ज्वालापुर और श्याम साहू निवासी शास्त्रीनगर कड़च्छ ज्वालापुर और होटल मैनेजर गोविंदा सिंह निवासी कुंदरकी मुरादाबाद हाल पता-सुकून गेस्ट हाउस शिवमूर्ति गली के रूप में हुई।

