अपराध

भीड़ ने डायन होने का आरोप लगाते हुए मां-बेटे को पेट्रोल छिड़ककर जला डाला

चाईबासा। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात कथित तौर पर डायन होने के संदेह में एक महिला और उसके मासूम बच्चे को पेट्रोल छिड़क कर जिंदा जला दिया गया। इस दर्दनाक घटना में मां और बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला का पति गंभीर रूप से झुलस गया है। उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। वारदात की जानकारी बुधवार को पुलिस को तब हुई जब 12 आरोपियों ने खुद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण किया। पुलिस से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांव के करीब 12 लोगों ने मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों से गांव में बीमारी और अन्य घटनाओं को लेकर अफवाहें फैली हुई थीं। इसके लिए महिला और उसके परिवार को जिम्मेदार ठहराया जा रहा था।
मंगलवार देर रात ग्रामीणों के एक समूह ने महिला और उसके परिवार को निशाना बनाया। देर रात आरोपितों ने घर में घुसकर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। आग की लपटों में घिरकर महिला और उसका बच्चा बाहर नहीं निकल सके। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। गांव में दहशत का माहौल है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। बुधवार सुबह सभी आरोपित स्वयं कुमारडुंगी थाना पहुंचे और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने सभी 12 आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में हत्या, हत्या के प्रयास और अन्य संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *