नैनीताल-टिहरी डिस्ट्रिक्ट कोर्ट को मंगलवार को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने चलाया सघन तलाशी अभियान

नैनीताल। उत्तराखंड में न्यायालयों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर अलर्ट जारी हो गया है। नैनीताल की डिस्ट्रिक्ट कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल जिला जज की आधिकारिक आईडी पर मिला है।
धमकी में सुबह 11:15 बजे विस्फोट का समय दिया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDDS), डॉग स्क्वॉड और खुफिया टीमें मौके पर पहुंच गईं और पूरे परिसर को एहतियातन खाली करा लिया गया।
धमकी भरा मेल सुबह 7:11 बजे प्राप्त हुआ। संदेश में अदालत परिसर में आरडीएक्स और आईईडी लगाए जाने का दावा करते हुए विस्फोट की चेतावनी दी गई थी। सुरक्षा एजेंसियों को चुनौती देने जैसी भाषा का भी इस्तेमाल किया गया। इससे पहले 16 फरवरी को भी इसी तरह का ईमेल सरकारी आईडी पर आया था।
अपडेट के मुताबिक टिहरी डिस्ट्रिक्ट कोर्ट को भी इसी तरह का धमकी भरा संदेश मिला है। सभी न्यायाधीशों, वकीलों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं। नैनीताल में कम समय के भीतर कोर्ट रूम, जज चैंबर, गलियारों, पार्किंग और आसपास के क्षेत्रों की गहन तलाशी ली गई।
फिलहाल किसी भी प्रकार की विस्फोटक सामग्री मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संदिग्ध वस्तुओं की जांच जारी है। साइबर सेल को ईमेल के स्रोत का पता लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और सर्विलांस बढ़ा दिया गया है।
कल भी इसी तरह की धमकी के बाद राज्य की चार अदालतों में अलर्ट जारी किया गया था। लगातार मिल रहे धमकी भरे मेलों से न्यायालय परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है। जांच एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रही हैं।

