Tuesday, August 25, 2026
Latest:
अंतर्राष्ट्रीय

ट्रंप ने किया दावा, ट्रेड डील में रूस से तेल न खरीदने के वादे पर हटाया 25 प्रतिशत टैरिफ

 

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से तेल खरीदने के मुद्दे पर भारत पर लगाए गए 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ को हटा दिया है। उन्होंने कहा कि भारत ने इस दिशा में अहम कदम उठाए हैं और मॉस्को से सीधे या अप्रत्यक्ष रूप से तेल आयात बंद करने का आश्वासन दिया है।
जारी किए गए एक कार्यकारी आदेश में ट्रंप ने कहा कि उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों से जानकारी और सिफारिशें मिली हैं, जिनके अनुसार भारत ने कार्यकारी आदेश 14066 में बताई गई राष्ट्रीय आपात स्थिति से निपटने के लिए ठोस प्रयास किए हैं। भारत ने रूस से तेल आयात बंद करने और अमेरिका से ऊर्जा उत्पाद खरीदने का वादा किया है। इसके अलावा, भारत और अमेरिका के बीच अगले 10 वर्षों के लिए रक्षा सहयोग बढ़ाने को लेकर एक फ्रेमवर्क पर भी सहमति बनी है।
ट्रंप ने कहा कि उपलब्ध कराई गई जानकारी पर विचार करने के बाद यह निष्कर्ष निकाला गया कि भारत ने अमेरिका के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति और आर्थिक मामलों में पर्याप्त तालमेल बिठाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इसी आधार पर भारत से आने वाले उत्पादों पर लगाए गए अतिरिक्त एड वैलोरम शुल्क को समाप्त करने का फैसला लिया गया है।
इस बीच, अमेरिका-भारत के साझा बयान में कहा गया है कि भारत कई अमेरिकी औद्योगिक उत्पादों के साथ-साथ खाद्य और कृषि उत्पादों की एक बड़ी श्रेणी पर टैरिफ हटाएगा। इनमें सूखे डिस्टिलर ग्रेन, पशु आहार के लिए लाल ज्वार, ट्री नट्स, ताजे और प्रोसेस्ड फल, सोयाबीन तेल, वाइन, स्पिरिट्स और अन्य उत्पाद शामिल हैं।
इसके बदले में अमेरिका भी वस्तुओं की एक लंबी सूची पर पारस्परिक टैरिफ दरों में कटौती करेगा। साथ ही कुछ ऐसे उत्पादों पर टैरिफ पूरी तरह हटाने पर भी विचार किया जाएगा, जो अमेरिका में निर्मित नहीं होते हैं, बशर्ते दोनों देशों के बीच बातचीत सफल रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *