Wednesday, July 15, 2026
Latest:
सरोकार

अब केदारनाथ धाम परिसर में मोबाइल और कैमरा भी होगा बैन, उल्लंघन करने पर लगेगा भारी जुर्माना

देहरादून। केदारनाथ धाम की पवित्रता और दर्शन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मंदिर परिसर में मोबाइल और कैमरे के प्रयोग पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। बदरी-केदार मंदिर समिति और जिला प्रशासन इस संबंध में आपसी समन्वय से कार्य योजना तैयार कर रहे हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना लगाए जाने की भी प्रक्रिया प्रस्तावित है।
हर वर्ष लाखों की संख्या में श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचते हैं, लेकिन हाल के वर्षों में मंदिर परिसर के भीतर मोबाइल फोन ले जाकर फोटो, वीडियो और रील्स बनाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे न केवल मंदिर की गरिमा प्रभावित होती है, बल्कि अन्य श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान असुविधा का सामना भी करना पड़ता है। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए जिला प्रशासन और बदरी-केदार मंदिर समिति ने इस बार यात्रा सीजन से पहले ही मोबाइल और कैमरा बैन को सख्ती से लागू करने की तैयारी कर ली है।
इसके तहत मंदिर के भीतर और मंदिर परिसर में मोबाइल का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन ने बताया कि मंदिर समिति के साथ मिलकर मोबाइल बैन और जुर्माने को लेकर विस्तृत कार्य योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में मोबाइल के प्रयोग और रील्स बनाने से अन्य श्रद्धालुओं को परेशानी होती है, जिसे इस बार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बदरी-केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कपरवाण ने कहा कि समिति की बैठक में मंदिर परिसर में मोबाइल बैन करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु आस्था के साथ बाबा केदार के दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन कुछ लोगों की वजह से दर्शन व्यवस्था प्रभावित होती है। इस बार व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन और मंदिर समिति की इस पहल से केदारनाथ धाम की धार्मिक मर्यादा बनाए रखने के साथ-साथ श्रद्धालुओं को शांत और सुगम दर्शन का अनुभव मिलने की उम्मीद है।
बता दें कि कपाट खुलने के बाद केदारनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ता है। इस दरमियान रील्स बनाने वालों की भी भरमार लगी रहती है। जिससे अन्य श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं रील्स और वीडियोग्राफी करने वाले लोगों के लिए बदरी-केदार मंदिर समिति व रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने कमर कस ली है।इस बार केदारनाथ धाम में रील्स और वीडियोग्राफी करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *