ठगों ने चालान की पीडीएफ फाइल से फोन हैक कर के बैंक खाते से उड़ाए लिए 40 हजार
चमोली। साइबर ठगों ने ठगी का एक नया तरीका अपनाते हुए एक युवक के बैंक खाते से 40,000 ठग लिए। ठगों ने पहले युवक के दोस्त का मोबाइल हैक किया और फिर उसके नंबर से चालान की एक पीडीएफ फाइल भेजकर युवक का फोन कंट्रोल में ले लिया। सिम बंद होने और यूपीआई काम न करने पर जब युवक ने नेट बैंकिंग चेक की तब उसे इस ठगी का पता चला। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। बीते 21 जनवरी को युवक के व्हाट्सएप नंबर पर उसके एक दोस्त के नंबर से मैसेज आया। इसमें एक पीडीएफ फाइल थी जिस पर चालान लिखा हुआ था। युवक को लगा कि दोस्त ने कोई चालान भेजा है इसलिए उसने फाइल खोल दी। कुछ समय बाद उसी दोस्त का मैसेज आया कि वह पीडीएफ फाइल न खोलें। इसके बाद युवक ने उसे डिलीट भी कर दिया लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। युवक का फोन हैक हो गया था। युवक के फोन पर लगातार अपडेट और लॉगिन के लिंक आने लगे। गलती से एक लिंक पर क्लिक होते ही युवक का व्हाट्सएप भी बंद हो गया। इसके बाद उसने काम चलाने के लिए व्हाट्सएप बिजनेस का सहारा लिया। इसके बाद 25 जनवरी को युवक का सिम कार्ड भी अचानक बंद हो गया। युवक ने इसे तकनीकी खराबी समझकर दूसरा सिम ले लिया। इसके बाद युवक का मोबाइल रिचार्ज खत्म हुआ तो उसने यूपीआई के जरिये ऑनलाइन रिचार्ज करने की कोशिश की लेकिन ट्रांजेक्शन फेल होने लगा। जब उसने नेट बैंकिंग के जरिये अपना अकाउंट स्टेटमेंट चेक किया तो उसके होश उड़ गए। ठगों ने अलग-अलग बारी में 5-5 हजार रुपये करके कुल 40,000 निकाल लिए थे और एक बार तो 200 रुपये भी कटे थे। धोखाधड़ी का अहसास होते ही युवक ने तुरंत कस्टमर केयर पर फोन कर बैंक खाता बंद कराया और हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
कोट
साइबर ठगी होने पर तुरंत टोल फ्री नंबर 1903 पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद साइबर एक्सपर्ट शिकायत की जांच करते है। लोगों को साइबर अपराध से बचने के लिए पुलिस भी लगातार जागरूक कर रही है। लोगों को भी सावधानी बरतनी चाहिए। अनजान लिंक पर कभी क्लिक ना करें। अब मामले की जांच साइबर टीम कर रही है।
– मानवेंद्र सिंह गुंसाई, प्रभारी थानाध्यक्ष कर्णप्रयाग।

