अपराध

ग्रामीणों ने घेराबंदी कर के पकड़ लिए मंदिरों में चोरी करने वाले आरोप

रुद्रप्रयाग। केदारघाटी के लमगोंडी क्षेत्र में मंदिरों में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। बुधवार को मंदिर में चोरी की कोशिश करने पर ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी के सामान से लदे एक वाहन को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने वाहन से घंटियां, त्रिशूल और चिमटे बरामद कर चार आरोपियों (कबाड़ बेचने वाले) को गिरफ्तार कर लिया। सभी हरिद्वार निवासी हैं। बरम्वाड़ी के पाली तोक स्थित नरसिंह मंदिर में चार लोगों ने चोरी की कोशिश की। खेतों में काम कर रही महिलाओं के शोर मचाने पर आरोपी वाहन से भागने लगे। ग्रामीणों ने उनका पीछा कर टेमरिया के पास वाहन को घेर लिया। पूछताछ में आरोपियों के पास न तो गाड़ी के कागज मिले और न ही पहचानपत्र। इसके बाद उन्हें पुलिस को सौंप दिया गया। तलाशी के दौरान वाहन से 225 दरांती, 3 कांसे की घंटियां, 8 चिमटे और 1 छोटा त्रिशूल बरामद हुआ है। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों में सलमान, समीर, कादिर, शाहनजर सभी निवासी मखियाली कला, लक्सर (हरिद्वार) के रहने वाले हैं और कबाड़ी का काम करते हैं। थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि पूर्व ग्राम प्रधान अनूप सिंह की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों के पुराने आपराधिक इतिहास और अन्य क्षेत्रों में हुई चोरियों के संबंध में कड़ी पूछताछ की जा रही है। सभी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *