खेल

रुद्रप्रयाग के लिए गौरव का क्षण, जनपद को मिले कबड्डी के पांच राज्य स्तरीय रेफरी

 

अगस्त्यमुनि। रुद्रप्रयाग जनपद के खेल जगत के लिए यह अत्यंत गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि है। पारंपरिक एवं लोकप्रिय खेल कबड्डी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में जनपद ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जनपद के पांच खेलप्रेमियों को राज्य स्तरीय कबड्डी रेफरी के रूप में मान्यता प्राप्त हुई है, जो न केवल रूद्रप्रयाग बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
इनका चयन सितंबर 2025 में आयोजित राज्य स्तरीय कबड्डी रेफरी प्रशिक्षण एवं प्रमाणन कोर्स के माध्यम से हुआ। यह प्रशिक्षण शिविर प्रेमनगर आश्रम में आयोजित किया गया था, जिसमें उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से आए कुल 61 शिक्षकों, शिक्षिकाओं एवं खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य कबड्डी को पेशेवर और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करना था। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को कबड्डी के नियमों, तकनीकी पहलुओं, निष्पक्ष निर्णय प्रणाली, मैच संचालन, स्कोरिंग सिस्टम, फाउल एवं निर्णय प्रक्रिया की गहन जानकारी दी गई। इस शिविर में एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के तकनीकी निदेशक जगदीश्वर यादव एवं अंतरराष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी श्री राणा रंजीत सिंह ने प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।
यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि रूद्रप्रयाग अब केवल प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए ही नहीं, बल्कि उच्च स्तरीय खेल के अधिकारियों और रेफरियों के लिए भी एक पहचान बनता जा रहा है।

रुद्रप्रयाग के पाँच बने स्टेट रेफरी
इस प्रतिष्ठित प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रुद्रप्रयाग जनपद के जिला क्रीड़ा समन्वयक शिव सिंह नेगी, व्यायाम शिक्षक मोहन सिंह रावत,योगम्बर सिंह कंडारी, सुभाष सिंह नेगी व मीना बिष्ट ने राज्य स्तरीय कबड्डी रेफरी का दर्जा प्राप्त किया। इन सभी की इस उपलब्धि से जनपद में कबड्डी को नई पहचान मिलेगी तथा स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय मार्गदर्शन और बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकेंगे। पाँचों के चयन पर खेल प्रेमियों, शिक्षकों, खिलाड़ियों एवं स्थानीय नागरिकों में हर्ष का माहौल है। जनपद के खेल संगठनों ने इसे रूद्रप्रयाग के लिए गर्व का क्षण बताते हुए विश्वास जताया कि यह उपलब्धि जिले में कबड्डी के विकास को नई दिशा देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *