अपराध

फैक्ट्री कर्मी की अज्ञात वाहन की टक्कर से हो गई मौत, वाहन समेत चालक फ़रार

रुड़की। लक्सर-बालावाली मार्ग पर रविवार देर रात हबीबपुर कुड़ी गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। टक्कर के बाद चालक वाहन को लेकर मौके से फरार हो गया। सोमवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे युवक का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर रायसी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान प्रदीप पुत्र बाबूराम (उम्र 30 वर्ष), निवासी कलसिया के रूप में की गई। जानकारी के अनुसार, प्रदीप एक टायर फैक्ट्री में कार्यरत था और ड्यूटी समाप्त कर देर रात मोटरसाइकिल से अपने घर कलसिया लौट रहा था। इस दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मारते हुए फरार हो गया। इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है। रायसी चौकी प्रभारी नीरज रावत ने बताया कि हबीबपुर कुड़ी गांव के पास सड़क दुर्घटना में युवक की मौत की सूचना प्राप्त हुई थी। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए राजकीय अस्पताल रुड़की भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है तथा मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *