सरोकार

गढ़वाल के दूरस्थ ग्राम क्यूड़ी दशज्यूला में ग्रामीणों ने लिया शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय

 

शादी-विवाह में भी नहीं परोसी जाएगी मदिरा, उल्लंघन करने पर 21 हजार का जुर्माना
रुद्रप्रयाग। विकासखंड अगस्त्यमुनि की दूरस्थ ग्राम पंचायत क्यूड़ी दशज्यूला को नशामुक्त बनाने की दिशा में ग्रामीणों ने ऐतिहासिक कदम उठाया है। ग्राम पंचायत की सार्वजनिक बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब गांव में किसी भी तरह शराब का सेवन, बिक्री एवं शादी-विवाह सहित सभी सामाजिक आयोजनों में मदिरा परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
गांव में आयोजित बैठक में यह भी तय किया गया कि यदि कोई व्यक्ति इस निर्णय का उल्लंघन करता पाया गया तो उस पर 21 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा। साथ ही सामाजिक बहिष्कार जैसी कठोर कार्रवाई भी की जाएगी। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि इस फैसले से गांव में शांति, सामाजिक समरसता और पारिवारिक सौहार्द को मजबूती मिलेगी।
ग्राम प्रधान चंदा देवी ने कहा कि शराब के कारण गांव में कई बार पारिवारिक कलह और विवाद की स्थिति बनी रहती है। “यह निर्णय महिलाओं और बच्चों के हित में लिया गया है। हमें विश्वास है कि इससे गांव का माहौल बेहतर होगा। ग्रामीण महिला पूनम देवी ने कहा कि शराबबंदी से युवाओं को सही दिशा मिलेगी और वे नशे से दूर रहकर शिक्षा व रोजगार की ओर ध्यान देंगे। “गांव को नशामुक्त बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में मौजूद युवा सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण रावत ने निर्णय का समर्थन करते हुए कहा कि शराबबंदी से घरेलू हिंसा और आपसी झगड़ों में कमी आएगी। कहा कि “यह फैसला गांव की महिलाओं के लिए राहत लेकर आया है। ग्राम पंचायत के इस फैसले का ग्रामीणों ने खुले दिल से स्वागत किया है। पंचायत प्रतिनिधियों ने सभी ग्रामीणों से नियमों का पालन करने और क्यूड़ी दशज्यूला को पूर्ण रूप से नशामुक्त गांव बनाने में सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *