अपराध

ज़मीन को लेकर हुए विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, बिहार के मजदूर की गोली लगने से मौत

रुद्रपुर। फाजलपुर महरौला प्रीत विहार में रविवार सुबह भूमि विवाद के चलते ताबड़तोड़ फायरिंग में गोली लगने से बिहार निवासी एक मजदूर की मौत हो गई। एक पक्ष मजदूरों के साथ खेत पर कब्जा लेने पहुंचा था, इसी दौरान दूसरे पक्ष ने विरोध करते हुए फायरिंग कर दी। पहले पक्ष ने भी जवाबी फायरिंग की। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना पर एसएसपी समेत पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, बिगवाड़ा गांव निवासी सिमरनजीत सिंह और प्रीत विहार निवासी एक व्यक्ति के बीच करीब 15 वर्षों से खेत को लेकर विवाद चल रहा था। मामला अदालत में विचाराधीन था, जिसमें हाल ही में कोर्ट ने सिमरनजीत के पक्ष में फैसला सुनाया था। रविवार सुबह करीब आठ बजे सिमरनजीत अपने कुछ लोगों और करीब 20 मजदूरों के साथ खेत पर कब्जा लेने और पिलर लगाने पहुंचे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंचे। जब मजदूर सिमरनजीत के कहने पर खेत में पिलर लगाने लगे तो दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। इस पर सिमरनजीत पक्ष के लोगों ने हवाई फायरिंग की। इस पर दूसरे पक्ष के लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इधर, सिमरनजीत पक्ष की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई। इस दौरान 25 वर्षीय मजदूर कार्तिक पोतदार पुत्र मानिक पोतदार निवासी विरंची थाना मानपुर, जिला पश्चिम चंपारण बिहार की पीठ में गोली लग गई। वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। फायरिंग के बाद हमलावर फरार हो गए और सिमरनजीत ने कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। एंबुलेंस से घायल कार्तिक को जिला अस्पातल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर एसएसपी मणिकांत मिश्रा, सीओ प्रशांत कुमार और कोतवाल मनोज रतूड़ी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर खोखे और कारतूस बरामद किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी है। एसएसपी ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *