अपराध

बदमाशों की गोलीबारी से गैंगेस्टर विनय त्यागी की हालत गंभीर, पुलिस अभिरक्षा में कोर्ट जाते वक्त हुई वारदात

रुड़की।  रुड़की जेल से बुधवार सुबह लक्सर कोर्ट में पुलिस अभिरक्षा में पेशी पर जा रहे गैंगस्टर विनय त्यागी को बाइक सवार दो हमलावरों ने फ्लाईओवर पर गोली मार दी। गोली लगने से गैंगस्टर त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना में दो पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। हमलावरों की तलाश में पुलिस पूरे जिले में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चला रही है। मेरठ के जागृति विहार निवासी गैंगस्टर विनय त्यागी पिछले 12 दिन से रुड़की जेल में बंद था। उसे 12 दिसंबर को देहरादून से रुड़की जेल लाया गया। लक्सर कोर्ट में उसके खिलाफ कार और ज्वेलरी की लूट का एक मामला है। इसमें बुधवार को उसकी वी वारंट पर पेशी होनी थी। इसके लिए चार पुलिसकर्मी एक गाड़ी से विनय त्यागी को लक्सर कोर्ट में लेकर आ रहे थे। लक्सर में फ्लाईओवर पर दोपहर के समय जाम लगा था। पुलिस की गाड़ी भी जाम में खड़ी थी। तभी एक बाइक पर दो युवक कार के बराबर में पहुंचे और उसकी खुली खिड़की से भीतर बैठे विनय त्यागी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

बदमाशों में गैंगवार छिड़ने की संभावना से पुलिस सतर्क
लक्सर में गैंगस्टर विनय त्यागी को गोली मारने के पीछे बदमाशों की आपसी दुश्मनी नजर आ रही है। घटना का पहले से अंदेशा होने के कारण पुलिस भी काफी सतर्क थी। फिर भी बदमाश दिनदहाड़े घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। इस घटना के बाद बदमाशों में आपसी गैंगवार छिड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस सतर्क हो गई है। गैंगस्टर विनय त्यागी मूलरूप से मुजफ्फरनगर के छपार कस्बे का रहने वाला है। लंबे समय से उसका परिवार जागृति विहार, मेरठ में रहता है। करीब दो दशक पहले विनय ने छपार में ही एक हत्या करके अपराध की दुनिया में कदम रखा था। इसमें पुलिस ने उसे जेल भेजा, तो वहां सुधरने के बजाय वह और बड़े खलीफाओं के संपर्क में आ गया।
लक्सर के फ्लाईओवर पर पुलिस अभिरक्षा में गैंगस्टर विनय त्यागी पर हुई गोलीबारी ने एक बार फिर रुड़की के जेल के बाहर हुई गैंगवार और रुड़की कोर्ट में गैंगस्टर देवपाल राणा हत्याकांड को ताजा कर दिया है। इस घटना से एक बार फिर रुड़की चर्चाओं में आ गया है। यह घटना लक्सर में हुई है, लेकिन इसे रुड़की से ही जोड़कर देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *