अपराध

यूपी पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही, हरियाणा पुलिस ने हथियार तस्कर पकड़ा, 25 लाख भी मिले

 

मेरठ के ब्रह्मपुरी के भगवतपुरा से बंटी को किया गिरफ्तार
मेरठ। ब्रह्मपुरी पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही और हरियाणा के रेवाड़ी की क्राइम इन्वेस्टीगेशन एजेंसी की टीम ने शुक्रवार रात ब्रह्मपुरी के भगवतपुरा से हथियार तस्कर बंटी कुमार को गिरफ्तार कर लिया। यह तस्कर हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में हथियारों की सप्लाई करता था।
उसके खाते में पुलिस को 25 लाख रुपए मिले हैं। पांच दिन पहले दिल्ली रेलवे स्टेशन से कार सवार को अगवा कर रेवाड़ी में गोली मारने वाले बदमाशों को भी बंटी ने हथियार मुहैया कराए थे। बंटी ने पूछताछ में बताया कि वह लिसाड़ीगेट में रहने वाले एक युवक से हथियार की खरीदारी करता था। सीआइए की टीम बंटी को अपने साथ रेवाड़ी ले गई। अलीगढ़ के मोहसनपुर निवासी चालक संजय कुमार गुरुग्राम और दिल्ली में टैक्सी चलाता है। 15 दिसंबर को उसकी कार को दिल्ली से जयपुर के लिए राजस्थान के गांव अखर घूघरा निवासी देवांशु और गांव सुरजीपुर, जिला आजमगढ़ निवासी शुभम वर्मा ने बुक किया था।
रेवाड़ी में बनीपुर चौक के पास देवांशु ओर शुभम ने लघुशंका के बहाने गाड़ी रुकवा ली। संजय से 18 हजार की नकदी और मोबाइल छीनने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने संजय को गोली मार दी जो उसकी जांघ में लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों संजय को सर्कुलर रोड स्थित एक अस्पताल के पास उतारकर फरार हो गए। रेवाड़ी सीआइए की टीम ने घटना का पर्दाफाश करते हुए देवांशु और शुभम को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से दो पिस्टल, 89 कारतूस, 3 मैगजीन बरामद की। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने मेरठ के ब्रह्मपुरी स्थित भगवतपुरा मोहल्ले में रहने वाले बंटी कुमार से हथियार खरीदे थे।
सीआइए की टीम शुक्रवार रात ब्रह्मपुरी थाने पहुंची। वहां से पुलिस को साथ लेकर बंटी के घर पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर थाने लाया गया। काफी देर तक उससे पूछताछ की गई। पुलिस ने बताया कि बंटी के बैंक खाते में 25 लाख की रकम मिली है। पूछताछ में बंटी ने बताया कि लिसाड़ीगेट के एक युवक से हथियार लेकर हरियाणा, पंजाब और दिल्ली के कई गिरोहों को हथियारों की सप्लाई करता था। ब्रह्मपुरी थाने के इंस्पेक्टर रमाकांत पचौरी ने बताया कि थाने की जीडी में बंटी कुमार की एंट्री करने के बाद सीआइए की टीम उसे अपने साथ रेवाड़ी ले गई। थाने में पूछताछ में सामने आया कि बंटी बड़े पैमाने पर हथियारों की तस्करी कर रहा था। वह बदमाशों को 20 से 25 हजार में पिस्टल उपलब्ध कराता था। कारतूस की भी तस्करी करता था।
दुकानदारों से करता था कारतूसों की खरीदारी
इंस्पेक्टर रमाकांत पचौरी ने बताया कि बंटी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि मेरठ की कुछ दुकानों से ही कारतूस की खरीदारी करता था। उसने हथियार सप्लाई करने वाले कुछ गिरोह के बारे में भी पुलिस को जानकारी दी है। हालांकि पुलिस दुकानों और गिरोहों को बारे में जानकारी देने से बचती रही। पुलिस का कहना है कि इस धंधे में उसके साथ लिसाड़ीगेट में रहने वाले लोग जुड़े हो सकते हैं। उनके बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। सीआइए की टीम जांच के लिए फिर मेरठ आ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *