41 की उम्र में कॉमेडियन भारती सिंह ने दिया दूसरे बेटे को जन्म, शूटिंग छोड़कर जाना पड़ा अस्पताल।

मुंबई। मशहूर कॉमेडियन और टीवी होस्ट भारती सिंह के प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबाचिया के घर एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है। 41 साल की उम्र में भारती दूसरी बार मां बन गई हैं और उन्होंने 19 दिसंबर को एक प्यारे से बेटे को जन्म दिया है। उनके घर में नन्हे राजकुमार के आगमन से जश्न का माहौल है और सोशल मीडिया पर फैंस व सेलेब्स की ओर से बधाई संदेशों का तांता लग गया है। भारती और हर्ष, जो पहले से ही अपने बेटे ‘गोला’ यानी लक्ष्य के माता-पिता हैं, अब अपने दूसरे बच्चे के स्वागत को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
यह डिलीवरी काफी नाटकीय परिस्थितियों में हुई। जानकारी के मुताबिक, भारती को आज सुबह अपने लोकप्रिय शो ‘लाफ्टर शेफ’ की शूटिंग के लिए जाना था। सब कुछ शेड्यूल के मुताबिक चल रहा था, लेकिन अचानक उनका वॉटर बैग फट गया, जिसके चलते उन्हें आनन-फानन में शूटिंग छोड़कर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने के कुछ ही देर बाद उन्होंने अपने दूसरे लाडले को जन्म दिया। फिलहाल मां और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया ने साल 2017 में शादी की थी और 2022 में उनके पहले बेटे लक्ष्य का जन्म हुआ था, जिसे प्यार से वे ‘गोला’ बुलाते हैं। पहले बेटे के जन्म के बाद से ही भारती ने कई बार सार्वजनिक मंचों और इंटरव्यू में दूसरे बच्चे की इच्छा जाहिर की थी। हालांकि, भारती की एक ख्वाहिश अधूरी रह गई। उन्होंने अपने व्लॉग्स और शोज में कई बार कहा था कि वह चाहती हैं कि गोला के बाद उन्हें ‘गोली’ यानी बेटी मिले। उन्होंने अरमान सजाए थे कि वह अपनी बेटी को दीपिका पादुकोण की तरह खूबसूरत लहंगे पहनाएंगी। भले ही बेटी की मुराद पूरी न हुई हो, लेकिन दूसरे बेटे के आने से लिंबाचिया और सिंह परिवार की खुशियां दोगुनी हो गई हैं।

