बालिका जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित
पौड़ी। बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र सांगलिया बल्ला में बालिका जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया, जो जिला कार्यक्रम अधिकारी पौड़ी देवेन्द्र थपलियाल के दिशा-निर्देशों में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी संगीता तोमर ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कन्या भ्रूण हत्या रोकने, बालिकाओं के संरक्षण एवं शिक्षा को बढ़ावा देने पर प्रकाश डाला और बेटियों को समाज की शक्ति बताया।
कार्यक्रम में पूजा देवी के परिवार में प्रथम बालिका के जन्म पर शुभकामनाएं दी गईं तथा उपहार स्वरूप महालक्ष्मी किट प्रदान की गई। सुपरवाइजर ममता ने महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री शांति देवी, सहायिका एवं क्षेत्र की महिलाएं उपस्थित रहीं, जिन्होंने बालिकाओं के सम्मान और सशक्तिकरण का संकल्प लिया।

