उत्तराखंड

एक कंपनी एमडी की सड़क हादसे में मौत, बच्चों को स्कूल छोड़कर ऑफिस जा रही थी मृतका

रुद्रपुर। अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर कंपनी जा रहीं एमडी की स्कूटी को एक स्कूल बस ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। पति की तहरीर पर ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, 35 वर्षीय अनीता चौरसिया अपने पति रामशरन चौरसिया और बच्चों के साथ बालाजीपुरम, तीनपानी डैम क्षेत्र में रहती थीं। पति ने बताया कि रुद्रपुर में उनकी सुपरटेक इंडस्ट्री नाम की कंपनी है, जिसकी एमडी उनकी पत्नी अनीता थीं। मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद वह अपनी कंपनी जा रही थीं। करीब नौ बजे जब वह दक्ष चौराहे के पास पहुंचीं, तभी पीछे से आ रही एक स्कूल बस ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे के बाद राहगीरों की मदद से उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची ट्रांजिट कैंप पुलिस ने बस और स्कूटी को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पति की तहरीर पर अज्ञात बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *