दहशत: पहाड़ों में वन्य जीवों की सक्रियता से दहशत,जंगली भालू के हमले में दो घायल

 

संवाददाता
गोपेश्वर, 09 सितंबर। उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में खूंखार जंगली जानवरों की सक्रियता के चलते लोग दहशत के साए में जीने को विवश हैं। आए दिन ग्रामीणों पर वन्य जीवों के घातक हमलों की घटनाएं समाचारों की सुर्खियां बनती रहती हैं। ऐसी ही दो अलग-अलग घटनाएं सीमांत जनपद चमोली के जोशीमठ क्षेत्र में सामने आई हैं, जहां जंगली भालू ने हमला कर महिला समेत दो लोगों को जख्मी कर डाला। इस घटना से ग्रामीणों में खौफ छाया हुआ है। इसके साथ ही वन विभाग की बेफिक्री को लेकर भी आक्रोश बना हुआ है। इतनी बड़ी घटना होने पर वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अभी आला अधिकारियों को इस बावत सूचना देकर भालू को ट्रैकुलाईजिंग करने की अनुमति मांगी गई है।

जानकारी के अनुसार, जोशीमठ विकासखंड से 2 किलोमीटर आगे रविग्राम के पास सुबह 9:00 बजे दो अलग-अलग जगहों पर नरेंद्र लाल (48 वर्ष) और देवेश्वरी देवी (45 वर्ष) को जंगली भालू ने हमला कर जख्मी कर दिया।


गौरतलब है कि रविग्राम के पास पेट्रोल पंप से लेकर न्यू रविग्राम और गैस गोदाम और कंपनी एरिया में दिन में ही लोग भालू की दहशत के चलते आवाजाही करने से डर रहे हैं। हमलों के बाद समय रहते यहां के ग्रामीणों ने दोनों स्थानीय लोगों को नजदीकी स्वास्थ्य समुदायिक केंद्र जोशीमठ भेजा जहां पर उनका इलाज चल रहा है। दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हैं। पीड़ितों का कहना है कि लगातार जंगली भालू उनके घर और गाँव के नजदीक शाम सुबह खुलेआम घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। लोगों पर लगातार हमले कर रहा है, लेकिन वन विभाग की ओर से अभी तक इन जंगली भालूओं पर अंकुश लगाने की कोशिश शुरू नहीं की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *