निवेश का झांसा देकर व्यक्ति से लाखों की ठगी
देहरादून। साइबर ठगों ने निवेश का झांसा देकर एक व्यक्ति से लाखों रुपए की ठगी कर डाली। पीड़ित की शिकायत के आधार पर साइबर सेल थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।जानकारी के अनुसारें अमित विनायक ने साइबर क्राइम स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है कि एक व्यक्ति उन्हें शेयर मार्केट से संबंधित प्रशिक्षण देता था। उसके बाद व्यक्ति ने एक लिंक भेजा और लिंक पर क्लिक करने के बाद पैन नंबर, आधार नंबर, मोबाइल नंबर और अन्य व्यक्तिगत डिटेल भरने के लिए कहा गया और आधार कार्ड अपलोड कराया गया। अंकुश सुरेश जैन नाम के व्यक्ति ने वीडियो वेरिफिकेशन की औपचारिकता पूरी की और उसके बाद एक अन्य लिंक भेजा गया।
जिस पर क्लिक करने के बाद गूगल प्ले स्टोर से एक एप्लीकेशन डाउनलोड कर इंस्टॉल करने के लिए कहा गया। एप के माध्यम से 10 हजार रुपए न्यूनतम धनराशि से ट्रेडिंग शुरू करने के लिए निर्देशित किया गया। उसके बाद ग्रुप के सदस्यों ने खुद को सेबी से लिस्टेड कंपनी का आधिकारिक ट्रेडिंग सलाहकार बताते हुए उन्हें लगातार प्रलोभन दिया गया। 10 सितंबर को पीड़ित ने अंकुश सुरेश जैन के खाते में 25 हजार रुपए ट्रांसफर किए, जिसमें उन्हें 10 से 15 प्रतिशत मुनाफा दिखाया गया।
उसके बाद 27 सितंबर तक पीड़ित ने 58 लाख 48 हजार रुपए जमा किए। लेकिन जब पीड़ित में रकम निकालने की बात कही तो उनसे कहा गया कि 20 लाख रुपए और जमा करने पर ही वह निकासी कर सकेंगे। पीड़ित को ठगी का एहसास होने पर साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
