सरोकार

एडीबी की मदद से होगा हल्द्वानी की सड़कों और जल निकासी सिस्टम का कायाकल्प

नैनीताल। शहर में अब सड़क चौड़ीकरण और जल निकासी व्यवस्था में बड़े बदलाव की शुरुआत होने जा रही है।  एशियाई विकास बैंक (एडीबी) की सहायता से नगर की लगभग 16.5 किलोमीटर सड़कों और प्रमुख चौराहों का चौड़ीकरण, पुनर्निर्माण और प्रबंधन सुधार का काम किया जाएगा।  यह परियोजना हल्द्वानी को स्मार्ट और व्यवस्थित ट्रैफिक सिस्टम देने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
सड़क चौड़ीकरण से जाम से मिलेगी निजात: एडीबी परियोजना के तहत सड़क और चौराहों के पुनर्विकास का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जा रहा है।  पहले चरण में तीनपानी से बरेली रोड तक के हिस्से पर काम शुरू होगा।  इस खंड में सड़क चौड़ीकरण के साथ-साथ जल निकासी की आधुनिक व्यवस्था तैयार की जाएगी ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से शहर को राहत मिल सके।  पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, सड़क चौड़ीकरण के लिए आवश्यक सर्वे और डिजाइन का कार्य पूरा हो चुका है।
टेंडर प्रक्रिया के बाद कार्य होगा शुरू: अब टेंडर प्रक्रिया के बाद फील्ड स्तर पर काम शुरू किया जाएगा।  परियोजना के तहत कई प्रमुख चौराहों को पुन: डिज़ाइन किया जाएगा ताकि ट्रैफिक जाम की स्थिति को कम किया जा सके और पैदल यात्रियों की सुविधा बढ़ाई जा सके।  हल्द्वानी शहर में ट्रैफिक दबाव लगातार बढ़ रहा है।  एडीबी की परियोजना के तहत जिन सड़कों को चुना गया है, उनमें मुख्यत: बरेली रोड, तीनपानी रोड, नैनीताल रोड और टीपी नगर क्षेत्र शामिल हैं।
लोगों को मिलेगी बेहतर यातायात व्यवस्था: इन सड़कों पर चौड़ीकरण के साथ जल निकासी, डिवाइडर और सिग्नल सिस्टम को भी अपग्रेड किया जाएगा।  हमारा प्रयास है कि इस काम को जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि जनता को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके। शहरवासियों का मानना है कि यदि यह परियोजना समय पर पूरी होती है, तो हल्द्वानी में ट्रैफिक व्यवस्था और बारिश के दौरान होने वाली परेशानियों से काफी हद तक राहत मिलेगी।  लंबे समय से जिस चौड़ीकरण योजना का इंतजार था, वह अब एडीबी की मदद से हकीकत बनने जा रही है।
शहर में आए दिन लगता है जाम: बता दें कि हल्द्वानी में लोगों को आए दिन जाम की समस्या से दो चार होना पड़ता है।  लोग लंबे समय से सड़कों के चौड़ीकरण की मांग कर रहे हैं। ट्रैफिक सिस्टम को दुरुस्त करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने कवायद शुरू कर दी है।  जिससे आने वाले दिनों में लोगों को जाम के झाम से निजात मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *