उत्तराखण्ड में ठंड ने दी दस्तक
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। बरसात के चले जाने के बाद भी प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश देखने के लिए मिल रही है। बीते सोमवार को केदारनाथ धाम और इसके ऊंचाई वाले इलाके में सीजन की पहली बर्फबारी हुई, जबकि मंगलवार को बद्रीनाथ धाम और हेमकुंड साहब में इस सीजन का पहला हिमपात देखने के लिए मिला, जिसके चलते तापमान में गिरावट भी आई और एकदम ठंडा मौसम होने लगा। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के मुताबिक, आने वाले दो से तीन दिनों तक उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं आने वाले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश के सभी जिलों के अधिकांश स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ बौछार होने की संभावना है। यहां 3500 मीटर और उससे ज्यादा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। उत्तराखंड राज्य के सभी जनपदों में कहीं कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40-50 कि.मी./घण्टे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने/ वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना है। मौसम में आए बदलाव के कारण उत्तराखण्ड में ठंड बढ़ी है।

