पत्नी की बेवफाई से आहत होकर चार बच्चों संग यमुना में कूदा सलमान,शवों की तलाश जारी
केराना। पत्नी की बेवफाई से आहत सलमान ने अपने चार मासूम बच्चों के साथ शुक्रवार को यमुना के पुराने पुल से कूदकर आत्महत्या की थी। घटना के 46 घंटे बाद गोताखोरों की तलाश के दौरान कैराना से 12 किलोमीटर दूर सलमान व उसकी बेटी महक का शव मिल गया है। अन्य तीन बच्चों की तलाश चल रही है।
कस्बे के मोहल्ला खैलकला निवासी सलमान अपनी तीन बेटियों व एक बेटे के साथ शुक्रवार दोपहर को पुराने पुल से यमुना में कूद गया था। शनिवार सुबह घटना का पता चलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। इसके अलावा अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर प्राइवेट गोताखोरों और पीएसी की सहायता से सलमान व उसके बच्चों की तलाश में यमुना में सर्च अभियान चलाया था। शनिवार रात तक भी यमुना में किसी का पता नहीं चल पाने पर अभियान रोक दिया गया।
रविवार सुबह सात बजे से प्राइवेट गोताखोरों व पीएसी की फल्ड यूनिट ने फिर से सर्च अभियान शुरू किया। करीब 12 किलोमीटर दूर इस्सोपुरटील तक मोटर बोट के सहारे यमुना में सलमान व उसके बच्चों की तलाश की गई। करीब 46 घंटे बाद सुबह करीब 11 बजे इस्सोपुर टील के पास से गोताखोरों ने 12 वर्षीय महक के शव को बरामद कर लिया। इसके एक घंटे बाद ही टांडा पुल के पास से सलमान के शव को भी बरामद कर लिया गया। अन्य तीन बच्चों शिफा, नायशा और आयान की तलाश देर शाम तक की गई, लेकिन उनका अभी पता नहीं चल सका। एएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सलमान व महक का शव मिल गया है। अन्य तीन बच्चों की तलाश की जा रही है।
बीते गुरुवार को मोहल्ला खैलकला निवासी 38 वर्षीय सलमान व उसकी पत्नी खुशनुमा के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद बाद पत्नी अपने प्रेमी के साथ चली गई थी। पत्नी की बेवफाई से आहत होकर शुक्रवार दोपहर सलमान अपने चार मासूम बच्चों के साथ यमुना में कूद गया था। यमुना में कूदने से पहले सलमान ने तीन वीडियो बना कर अपनी बहन गुलिस्ता को भेजी थी। वीडियो में सलमान रोते हुए अपनी व अपने बच्चों की मौत के लिए अपनी पत्नी व उसके प्रेमी को जिम्मेदार बता रहा था। शनिवार सुबह परिजनों को पता चला था कि सलमान ने यमुना पुल से कूद कर बच्चों सहित आत्म हत्या कर ली है। इसके बाद गोताखोरों ने सलमान व बच्चों की तलाश शुरू कर दी थी। कैराना जनपद शामली में पिता ने अपने चार बच्चों के साथ यमुना में कूदकर आत्महत्या करने की घटना शायद पहली है। वीडियो देखने के बाद लोग भी अपने आंसू नहीं रोक सके। हर कोई इस घटना पर दुख व्यक्त कर रहा है।
यमुना नदी में मिले सलमान व महक के शव पानी में अधिक समय तक रहने के कारण फूल गए थे। दोनों की जीभ व आंखें बाहर निकली हुई थीं। शवों को देखकर परिजनों में गम का माहौल बन गया। परिजन शवों को देख रोने बिलखने लगे। आसपास के लोगों ने परिजनों को ढांढस बंधाया।

