अपराध

संदिग्ध हालात में नन्दा देवी मेले के दौरान घायल मिले युवक की मौत पर हत्या की आशंका

अल्मोड़ा। नन्दा देवी मेले के दौरान घायल अवस्था में मिले स्थानीय युवक हेम सोराड़ी की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिसके बाद मामले को लेकर संदेह गहराने लगा है। स्थानीय लोगों और मेला समिति ने आशंका जताई है कि युवक की हत्या की गई है। शनिवार को नन्दा देवी मंदिर समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नगरवासी क्षेत्राधिकारी से मिले और ज्ञापन सौंपकर घटना की गहन जांच की मांग की। समिति अध्यक्ष मनोज वर्मा ने कहा कि शांत माने जाने वाले अल्मोड़ा में इस तरह की घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं और यह संकेत देती हैं कि मृतक पर हमला किया गया हो सकता है। समिति के सचिव मनोज सनवाल ने भी पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय जनता आंदोलन के लिए बाध्य होगी। पार्षद अमित साह मोनू ने कहा कि शहर में सक्रिय असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण जरूरी है। आने वाले दिनों में नवरात्र, रामलीला और दुर्गा पूजा जैसे बड़े धार्मिक आयोजन होने वाले हैं, जिनमें महिलाओं और बच्चों की आवाजाही रहती है। ऐसे में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को विशेष गश्त और चेकिंग अभियान चलाना चाहिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घटना ने नगरवासियों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। उन्होंने मांग की कि दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में मंदिर समिति अध्यक्ष मनोज वर्मा, सचिव मनोज सनवाल, पार्षद अमित साह मोनू, नगर अध्यक्ष भाजपा विनीत बिष्ट, अनूप साह, हरीश बिष्ट, मनोज सिंह बिष्ट, लावण्य पंत, त्रिलोचन जोशी, परितोष जोशी, नवीन वर्मा, हितेश वर्मा, मोहम्मद हबीब, विजय चौहान, कुलदीप मेर, भारत भट्ट, नमन बिष्ट, वरुण साह, गौरव कनवाल, सुमित साह, पवन पंत, दीपक वर्मा, रवि गोयल और अरहम हबीब समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *