डीएम ने जनता दर्शन कार्यक्रम में किया फरियादियों की शिकायतों का निराकरण
देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के ऋषिपर्णा सभागार में जनता दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 150 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकतर मामले भूमि विवाद से संबंधित थे। इसके अलावा, नगर निगम, एमडीडीए, लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत, पुलिस, वन और विद्युत जैसे विभागों से भी शिकायतें मिलीं।
बेटे द्वारा घर से निकाले जा रहे बुजुर्ग की गुहार पर डीएम ने मांगी रिपोर्ट
* प्रेमनगर निवासी सावित्री देवी ने डीएम से गुहार लगाई कि उनका बेटा उन्हें घर से बाहर निकाल रहा है, और उनकी बेटी अंजू को भी परेशान कर रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार विकासनगर को मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
* इसी तरह, चुक्खुवाला निवासी सुशीला देवी ने अपनी जीर्ण-शीर्ण हालत वाले घर की मरम्मत और चिकित्सा सहायता का अनुरोध किया। डीएम ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को आपदा मद से मदद देने, मुख्य चिकित्सा अधिकारी को इलाज कराने और समाज कल्याण अधिकारी को महिला की सहायता करने के निर्देश दिए।
* प्रेमनगर निवासी भरत सिंह बुटोला ने शिकायत की कि 2012 में संपत्ति खरीदने के बावजूद उन्हें अभी तक कब्जा नहीं मिला है। इस पर तहसीलदार विकासनगर को कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
* कांसवाली प्रेमनगर निवासी शिव देवी ने शिकायत की कि उनके बेटे ने अंगूठा लगाकर उनकी संपत्ति अपने नाम करवा ली है।
* बुजुर्ग कलम सिंह कृषाली ने बेटे द्वारा प्रताड़ित किए जाने की शिकायत की, जिस पर उप जिलाधिकारी डोईवाला को भरण-पोषण अधिनियम के तहत कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
* राजेश्वरी देवी ने अपने दिव्यांग बेटे और पोते के लिए आर्थिक सहायता का अनुरोध किया।
* हरिपुर, ऋषिकेश निवासी 85 वर्षीय बुजुर्ग भगवती प्रसाद ने घर के पास नाली न बनाए जाने की शिकायत की। इस पर डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी और जिला पंचायत को संयुक्त रूप से जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।
अन्य शिकायतें:
* बद्रीपुर के निवासियों ने बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की गुहार लगाई।
* लखवाड़ निवासी लदुर सिंह ने बताया कि उन्हें बांध प्रभावित होने के बावजूद अभी तक मुआवजा नहीं मिल पाया है। इस पर विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी (SLAO) को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जनता दर्शन कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, अपर नगर आयुक्त रजा अब्बास, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी अपूर्वा सिंह, विनोद कुमार, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृता परमार, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
