उत्तराखंड

नैनीताल जिला पंचायत चुनाव सियासी हमले तेज, कांग्रेस प्रत्याशी के पति पर गैर-जमानती वारंट

 

नैनीताल। नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव से ठीक पहले राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा नेगी के पति और पूर्व ब्लॉक प्रमुख लाखन सिंह नेगी के खिलाफ देर रात गैर-जमानती वारंट जारी किया गया है। इसके बाद से पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है और कई जगहों पर छापेमारी कर रही है।
यशपाल आर्य के होटल में दबिश
बुधवार देर रात पुलिस टीम ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के चढ़ल सुयाल स्थित होटल रिया पैलेस पर छापा मारा। रामनगर के सीओ और प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव के नेतृत्व में पुलिस दल रात 10:45 बजे होटल पहुँचा। इसी दौरान, नैनीताल रोड पर स्थित एक अन्य होटल, सौरभ होटल में भी तलाशी अभियान चलाया गया।
सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का आरोप
प्रशासन ने सिमायल रैकवाल स्थित एक निर्माणाधीन स्कूल भवन को भी सील कर दिया है। आरोप है कि इस भवन के निर्माण में एक नाली सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण कर दीवारें बनाई गई हैं। प्रशासन ने लाखन सिंह नेगी को 15 दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाने या अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
* 5 अगस्त को, तहसीलदार युगल किशोर पांडे पुलिस और राजस्व टीम के साथ स्कूल भवन की जाँच करने पहुँचे थे।
* उस समय लाखन नेगी और ग्रामीणों ने सरकार के दबाव में कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए विरोध किया था, जिसके कारण टीम को लौटना पड़ा।
* इसके बाद, तहसीलदार ने भवाली कोतवाली में लाखन नेगी और अन्य के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कराया।
* 11 अगस्त को, प्रशासनिक टीम ने दोबारा जाँच की और बुधवार को भवन को सील कर दिया गया।
लाखन सिंह नेगी ने हाल ही में आरोप लगाया था कि प्रशासन और सरकार उन पर जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव से अपनी पत्नी का नाम वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। एसडीएम नैनीताल नवाजिश खलिक ने कहा, “एक नाली सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण कर दीवार बनाई गई थी। निर्माण कार्य को सील कर दिया गया है। 15 दिन के भीतर या तो खुद अतिक्रमण हटाएँ या अपना पक्ष प्रस्तुत करें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *