तमंचे से गोली मारकर युवक ने कर ली खुदकुशी

उत्तरकाशी।  जिले में आत्महत्या की एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने न केवल पूरे इलाके में सनसनी मचा दी बल्कि पुलिस और प्रशासन की चौकसी की पोल भी खोल कर रख दी। यह सनसनीखेज मामला जिले के ग्राम किशनपुर का है जहां संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति ने तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पड़ताल करने पर पता चला कि मृतक के सिर पर गोली लगी हुई है। शव के पास ही तमंचा व कारतूस भी बरामद किए गए। इस घटना के बाद से चुनावों को देखते हुए चलाए जा रहे पुलिस चेकिंग अभियान पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं कि आखिर मृतक के पास तमंचा कैसे आया।
जानकारी के मुताबिक, उत्तरकाशी जिले के ग्राम किशनपुर के प्रधान ने पुलिस को सूचना दी कि गांव में एक व्यक्ति ने स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक व्यक्ति गंगाराम चौहान (35) के पास से 315 बोर का तमंचा और तमंचे की नाल में खोखा कारतूस मिला। मृतक के सिर में गोली लगी हुई थी। मृतका की पत्नी ने पूछताछ करने पर पुलिस को बताया कि मंगलवार शाम को करीब 7:30 पर उसका पति शराब पीकर आया था। उसके बाद जब वे दोनों खाने की तैयारी कर ही रहे थे, कि तभी अचानक गंगाराम ने बेड के दराज से तमंचा निकालकर खुद अपने सर पर गोली मार ली।
मृतक की पत्नी ममता ने बताया कि गंगाराम हरिद्वार के किसी होटल में कार्य करता था और दो माह पूर्व ही घर आया था। मृतक की पत्नी ने बताया कि मृतक तमंचा और कारतूस अपने साथ लेकर आया था। पुलिस ने मृतक की जेब से एक जिंदा कारतूस और तमंचा कब्जे में लेकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। घटना को लेकर इलाके में तरह तरह की चर्चाएं जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *