उत्तराखंड में राष्ट्रीय निषाद पार्टी करेगी कांग्रेस प्रत्याशियों का समर्थन

 

कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं मीडिया सलाहकार सुरेन्द्र कुमार को सौंपा समर्थन पत्र

देहरादून। उत्तराखण्ड में कांग्रेस के लिए गुरुवार को अच्छी खबर आई है। राष्ट्रीय निषाद पार्टी ने राज्य में कांग्रेस प्रत्याशियों को समर्थन देने का ऐलान किया है। पार्टी नेताओं ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं मीडिया सलाहकार सुरेन्द्र कुमार एवं किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुशील राठी को अपना समर्थन पत्र सौंपा। पत्र में निषाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गिरीश चैतन्य यादव ने उत्तराखण्ड में कांग्रेस के सभी प्रत्याशियों को समर्थन देने की घोषणा करने के साथ-साथ उनके लिए चुनाव प्रचार में पूर्ण सहयोग व सहायता करने का आश्वासन भी दिया है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी गरीब, निर्धन, बेसहारा, पिछड़ों सभी की लड़ाई लड़ती है। पिछली कांग्रेस सरकारों ने जो योजनायें इन वर्गों के लिए चलाई थीं तथा कांग्रेस पार्टी ने अपने चुनावी प्रतिज्ञा पत्र/घोषणा पत्र में कमजोर वर्गों के लिए जो-जो  योजनायें, कार्यक्रम घोषित किये हैं उनसे प्रभावित होकर राष्ट्रीय निषाद पार्टी ने कांग्रेस के लिए काम करने का निश्चय किया है।
निषाद पार्टी द्वारा समर्थन दिये जाने का स्वागत करते हुए प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि कमजोर वर्ग की लड़ाई कांग्रेस पार्टी ने सदैव लड़ी है। यूपीए सरकार के समय तथा प्रदेश में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तमाम सरकारी योजनाएं महिलाओं, युवाओं व वंचित वर्गों के लिए थीं। कांग्रेस ने महिलाओं, युवाओं तथा गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं शुरू कीं जो भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही बन्द कर दीं। आज भी कांग्रेस पार्टी ने अपने प्रतिज्ञा पत्र में चार लाख युवाओं को रोजगार देने, गैस सिलिण्डर 500 रुपये करने, प्रत्येक परिवार को 40 हजार रुपये देने, गन्ना किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य देने, पर्वतीय तथा मैदानी इलाके के किसानों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं लाने का वादा किया है। कांग्रेस पार्टी के पास हर वर्ग के विकास को लेकर चलने का विजन रहा है।
किसान कांग्रेस के अध्यक्ष सुशील राठी ने निषाद पार्टी के समर्थन का स्वागत करते हुए कहा कि हरिद्वार व उधमसिंहनगर आदि जिलों में निषाद पार्टी का अच्छा प्रभाव है जिसका लाभ निश्चित रूप से कांग्रेस प्रत्याशियों को मिलेगा।इस अवसर पर निषाद पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता हिमांशु कश्यप, मनीष कश्यप प्रदेश महामंत्री, राजपाल कश्यप व विनीत कश्यप आदि समेत दर्जनों नेता एवं कार्यकर्ता उपस्तिथ थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *