भाजपा ने जारी किया चुनावी घोषणापत्र

देहरादून। भाजपा द्वारा उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए दृष्टिपत्र के नाम से जारी घोषणापत्र पर प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे भाजपा का दृष्टि दोष पत्र बताया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने कहा है कि भाजपा ने अपने 2017 के चुनावी घोषणापत्र के मुखपृष्ठ को बदल कर 2022 के लिए दृष्टिपत्र के नाम से जारी कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के इस दृष्टिपत्र में महंगाई, रोजगार और पलायन जैसे प्रमुख मुद्दे गायब हैं। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष व सलाहकार सुरेंद्र कुमार ने भी भाजपा के घोषणापत्र पर तीखा तंज़ कसते हुए इसे महज़ खानापूर्ति करार दिया है। सुरेंद्र कुमार ने कहा कि भाजपा वाले तो कांग्रेस के घोषणा पत्र की छाया तक भी नहीं पहुंच पाए हैं। लगता है मतदान से पांच दिन पूर्व कांग्रेस के दबाव में आकर घोषणापत्र के नाम पर खानापूर्ति कर रस्म अदाएगी कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि 2017 के घोषणापत्र में लोकायुक्त व आर्थिक स्थिति को लेकर श्वेत पत्र की गई घोषणा को इस बार तो डर के कारण बीजेपी रख ही नहीं पाई है क्योंकि बीजेपी ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को तो चौपट कर दिया। लोकायुक्त को अपने नेताओं के किए गये भ्रष्टाचार से बचाने को इस बार नहीं रखा है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के केंद्रीय नेता चुनाव में किये गए वादों को स्वयं जुमले बताते हों, उनके दृष्टि पत्र में भी जुमले ही हैं। खेती किसानी के लिए अपनी ज़िम्मेदारी से पार्टी बचती नज़र आई है। युवाओं को रोज़गार , छोटे व्यापारियों व जनता को महंगाई से राहत के लिए भाजपा की दृष्टि ही गायब है। उन्होंने कहा कि भाजपा का अपना रिकार्ड अपनी घोषणाओं का पालन करने में बहुत खराब है। पाँच वर्ष का भाजपा का केंद्र व राज्य का कार्यकाल निराशजनक व असफलताओं का रहा है। अब चुनावी दृष्टि पत्र ने भी जनता को निराश ही किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *