महापंचायत में महिलाओं ने लिया नशाखोरी के खिलाफ अभियान चलाने का संकल्प
नई टिहरी। प्रतापनगर ब्लॉक की उपली रमोली पट्टी के पांच गांवों में नशा मुक्ति के लिए एक महापंचायत आयोजित की गई, जिसमें स्थानीय महिला समूहों ने गांवों को नशे से मुक्त करने के लिए एक व्यापक अभियान चलाने का संकल्प लिया। महापंचायत में पंडर, महर, कुडियाल, मस्ताड़ी और रैका गांवों के प्रतिनिधि महिलाएं शामिल हुईं। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक गांव में एक अतिरिक्त महिला समूह गठित किया जाएगा, जो शराब, नशे और अन्य नियमों के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाएगी। इसके तहत महिलाएं शराब, चरस, स्मैक जैसे नशों के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए पद यात्राएं करेंगी और इसके दुष्प्रभावों के बारे में गांववासियों को बताएं। साथ ही, गांवों में बिक रही शराब के खिलाफ खुला विरोध भी किया जाएगा। महापंचायत की अध्यक्षता करने वाले राज्य आंदोलनकारी देवी सिंह पंवार, कुंवर सिंह पंवार, रामचंद्र सिंह, विक्रम सिंह, मनोज पंवार और चंदन सिंह राणा ने कहा कि शराब के सेवन से न केवल युवा पीढ़ी, बल्कि पूरे परिवार की बर्बादी हो रही है। गांवों को नशा मुक्त बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ ही, सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की गई। इस मौके पर सतपाल सिंह रावत, भगवान सिंह पंवार, शिव सिंह, पुलम दास, महिला अध्यक्ष जमोतरी देवी, उर्मिला देवी, नारायणी देवी, बैसाखी देवी, जगदंबा देवी, रेशमा रमोला, चंदन देवी व आशा रमोला आदि मौजूद थे।

