सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
विकासनगर। गुरुवार तड़के एक युवक सड़क दुर्घटना में घायल हो गया। घायल को पुलिस ने 108 के माध्यम से विकासनगर अस्पताल भेजा। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर दून अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएसआई संजीत कुमार ने बताया कि तड़के पांच बजे सूचना मिली की धन्वंतरी चौके पर एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घायल वैभव पुत्र स्व. गौरव डंक निवासी गुरुद्वारा गली विकासनगर को 108 एंबुलेंस के माध्यम से विकासनगर उपजिला चिकित्सालय लाया गया। यहां से डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे दून अस्पताल ले गए। लेकिन चोट गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान वैभव की मौत हो गई। बताया कि दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को चौकी में खड़ा किया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

