15 महीने बाद पुलिस की गिरफ्त में आया नशीली दवा का डीलर
रुड़की। पुलिस ने नशीली दवा के कारोबार में शामिल डीलर को एक साल तीन महीने 15 दिन बाद मंगलवार को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है। डीलर के दो साथियों को पुलिस ने पिछले साल 21 जुलाई को माधोपुर अंडरपास के पास गिरफ्तार किया था। जिनके पास से करीब 82 हजार 400 नशीली दवा, दो फोन, कार और करीब 19 हजार रुपये बरामद किए थे। गंगनहर कोतवाली पुलिस ने 21 जुलाई 2023 को माधोपुर अंडरपास के पास से मोहित निवासी गांव रामपुर निजामपुर देवबंद जिला सहारनपुर और इंद्रेश पुत्र लहरी सिंह निवासी गांव टिकोला कलां कोतवाली मंगलौर को गिरफ्तार किया था। जिन्होंने पुलिस पूछताछ में बताया था कि वह नशीली दवा का कारोबार करते हैं। पिछले साल मार्च में साथी अर्जुन भी नशीली दवा के साथ गिरफ्तार हो चुका था। दोनों ने अवधेश यादव निवासी देहरादून से डील के बाद नशीली दवा ली थी।
