विजीलेंस टीम की बड़ी कामयाबी, रिश्वत लेते हुए राजस्व निरीक्षक को रंगेहाथ दबोचा
पौड़ी गढ़वाल। पिता के नाम दर्ज भूमि का सीमांकन और उसकी आख्या बनाने के एवज में 15 हजार की रिश्वत लेते हुए राजस्व निरीक्षक को सर्तकता अधिष्ठान की टीम द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता द्वारा सतर्कता अधिष्ठान पर की गयी शिकायत बताया गया कि उसने अपने पैतृक गाँव नौगाँव के खाता संख्या-20 के खातेदारों में अपने पिता के नाम दर्ज भूमि के सीमांकन और उसकी आख्या बनाने को राजस्व निरीक्षक से संपर्क किया। उसने इस काम के एवज में पंद्रह हजार रुपए की मांग की। शिकायत के बाद सतर्कता विभाग की टीम ने जाल बिछाया और आज पट्टी क्षेत्र अगरोड़ा के राजस्व निरीक्षक कैलाश रवि को शिकायतकर्ता से 15000 रुपये की रिश्वत लेते हुए उसकी तय की गयी जगह पेडुल, जनपद पौड़ी गढ़वाल से रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के उपरान्त सतर्कता अधिष्ठान देहरादून की टीम द्वारा आरोपी के आवास की तलाशी व अन्य स्थानों पर चल-अचल सम्पत्ति के सम्बन्ध में पूछताछ जारी है।
निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन, द्वारा ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की गयी। उन्होंने कहा कि यदि कोई राज्य के सरकारी विभागों में नियुक्त अधिकारी/कर्मचारी, अपने पदीय कार्य के सम्पादन में किसी प्रकार का दबाव बनाकर रिश्वत की मांग करता है तथा उसके द्वारा आय से अधिक अवैध सम्पत्ति अर्जित की गयी हो, तो इस सम्बन्ध में सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हैल्पलाइन नम्बर पर सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में निर्भीक होकर सूचना दे सकता है।

