अपराध

दो बहनों के अपहरण का मुकदमा दर्ज,ट्यूशन पढ़ने गई लेकिन लौट कर नहीं आईं

 

रुड़की। घर के पास ट्यूशन पढ़ने गईं दो नाबालिग सगी बहनें घर वापस नहीं लौटीं। काफी पूछताछ के बाद भी पता न चलने पर उनके पिता ने पुलिस को तहरीर दी है। दोनों के नाबालिग होने के कारण पुलिस ने आनन फानन अपहरण का मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है। कस्बे के एक मौहल्ले की 17 व 16 वर्ष उम्र की दो सगी बहनें घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर एक अध्यापक के घर रोज ट्यूशन पढ़ने जाती हैं। 19 सितंबर की शाम 4 बजे वे रोजाना की तरह ट्यूशन पढ़ने की बात कहकर घर से निकली थीं लेकिन दोनों शाम 6:30 बजे तक भी घर नहीं लौटीं। परिजनों को चिंता हुई तो उन्होंने शिक्षक के घर पहुंचकर जानकारी ली। शिक्षक ने बताया कि दोनों बहनें उस दिन ट्यूशन पढ़ने नहीं आई थीं। इसके बाद परिजनों ने दोनों की सहेलियों के साथ ही कस्बे में अपने परिचितों से भी पूछताछ की, लेकिन दोनों के बारे में कोई पता नहीं लगा। इसके बाद उनके पिता ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। एसएसआई मनोज गैरोला ने बताया कि नगर से दो किशोरियां एक साथ लापता हुई हैं। दोनों सगी बहनें होने के साथ ही नाबालिग हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए उनके अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एएसआई रंजीत नौटियाल के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम उनकी तलाश में लगाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *