उत्तराखंड

दून में तैनात दरोगा की बेटी का गला रेतकर सनसनीखेज़ कत्ल, कथित हत्यारोपी ने भी कर ली खुदकुशी

 

देहरादून। सोमवार सुबह हरिद्वार देहरादून राजमार्ग पर  एक युवती का रक्त रंजित शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। युवती का किसी धारदार हथियार से गला रेता गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया । वहीं फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से कई नमूने जांच के लिए एकत्रित किए हैं। मृतका की शिनाख्त़ देहरादून कोतवाली में तैनात दरोगा शिव प्रसाद डबराल की पुत्री आरती डबराल के रूप में की गई है, जिसकी उम्र 20-22 साल के आस-पास बताई जा रही है।
प्रशिक्षु आईपीएस एवं रायवाला थाना प्रभारी जीतेंद्र चौधरी ने बताया कि सोमवार 6 मई को तड़के करीब तीन बजे जंगल में युवती का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची। देखा तो युवती का शव खून से लथपथ पड़ा है और उसके गले पर धारदार हथियार से वार किए गए हैं। आसपास भी काफी सारा खून पड़ा था।
मौके पर फॉरेंसिक की टीम को बुलाकर नमूने एकत्रित करवाए गए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। युवती ने जींस और टॉप पहना हुआ है। पहनावे को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा था कि युवती किसी अच्छे घराने से ताल्लुक रखती है। तब युवती के पास से कोई भी दस्तावेज, मोबाइल आदि बरामद नहीं हुए, जिसके आधार पर उसकी शिनाख्त की जा सके। बाद में उसकी पहचान आरती डबराल के रूप में हो गई। उधर, मृतका की हत्या का आरोपी बताया जा रहा शैलेंद्र भट्ट नामक युवक के भी चीला नहर में कूद कर आत्महत्या कर लेने की खबर आई है। हालांकि अधिकृत तौर पर अब तक इस खबर की पुष्टि नहीं हो पाई है।
रायवाला थाना प्रभारी जीतेंद्र चौधरी ने बताया कि आसपास के थाना क्षेत्र में भी मामले की जानकारी दे दी है। वहीं मामले की जांच में जुटी पुलिस हाईवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाल रही है। शव भी करीब 12 घंटे पुराना लग रहा है। एसओजी देहात की टीम को भी मदद के लिए बुलाया गया है। जिस जगह पर युवती का शव मिला है, वो राजाजी टाइगर रिजर्व से सटा हुआ एरिया है। फिलहाल, अधिकृत तौर पर मामले का पूरा एवं पुष्ट विवरण प्राप्त होने की प्रतीक्षा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *