उत्तराखंड के लाल मेजर प्रणव सिंह नेगी का निधन, कारगिल में थे तैनात, पूरे इलाके में शोक की लहर
देहरादून। कारगिल में तैनात उत्तराखंड के लाल प्रणव सिंह नेगी का निधन हो गया। प्रणव सिंह नेगी भारतीय सेना में मेजर के पद पर तैनात थे। मंगलवार 29 अप्रैल देर रात को ही परिजनों को मेजर प्रणव सिंह नेगी के निधन की खबर मिली, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, प्रणव सिंह नेगी का परिवार डोईवाला के संगतिया वाला में रहता है। प्रणव सिंह नेगी की उम्र 36 साल थी। इन दिनों वो कारगिल में तैनात थे। बताया जा रहा है कि सोमवार 29 अप्रैल को ड्यूटी के दौरान अचानक मेजर प्रणव सिंह नेगी की तबियत खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। इस घटना के बाद मेजर प्रणव सिंह नेगी के घर में मातम छाया हुआ है। परिजनों का अपने लाल को याद करके बुरा हाल हो रखा है।
कान्हरवाला के पूर्व ग्राम प्रधान नरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मेजर प्रणय सिंह नेगी 94 रेजीमेंट में भर्ती थे और इन दिनों कारगिल में तैनात थे। मेजर प्रणव सिंह नेगी दो बहनों के इकलौते भाई थे। उनका डेढ़ साल का एक बेटा भी है। नरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि कल 29 अप्रैल शाम को ही उनकी प्रणव सिंह नेगी के परिजनों से बात हुई थी और रात को दस बजे ही परिजनों के पास उनके निधन को लेकर खबर आ गई। नरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि प्रणव सिंह नेगी मूल रूप से कीर्तिनगर टिहरी गढ़वाल के रहने वाले थे, लेकिन उनका परिवार अब डोईवाला में मकान बनाकर रहता है। प्रणव सिंह नेगी की पढ़ाई मसूरी के सेंट जोसेफ स्कूल से हुई थी। प्रणय सिंह नेगी के निधन की खबर के बाद पूरा डोईवाला शोक में डूबा हुआ है। हर कोई प्रणव सिंह नेगी के घर जाकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहा है।

