उत्तराखंड

विभिन्न संगठनों ने किया बिजली के निजीकरण व मूल्य बढ़ोत्तरी का विरोध ,सीएम से की निर्णय वापस लेने की मांग

 

देहरादून। उत्तराखण्ड सरकार द्वारा बिजली के मूल्यों में भारी बढ़ोत्तरी एवं बिजली के निजीकरण के खिलाफ आज जिलाधिकारी देहरादून के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड को ज्ञापन प्रेषित किया गया। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी , कांग्रेस , राष्ट्रीय उत्तराखण्ड पार्टी , भीम आर्मी , सीआईटीयू , नेताजी संघर्ष समिति व उत्तराखण्ड आन्दोलनकारी संयुक्त परिषद के प्रतिनिधिमण्डल‌ ने जिलाधिकारी के अनुपस्थिति में ज्ञापन उपजिलाधिकारी मुख्यालय शालिनी नेगी को दिया तथा उनसे अनुरोध किया कि वे‌ बिजली मूल्य वृद्धि तथा निजीकरण के खिलाफ दिये गये ज्ञापन को उचित माध्यम तक पहुंचाने का कष्ट करें। प्रतिनिधिमण्डल का कहना था कि चुनाव आचार संहिता के दौरान बिजली की दरों में वृद्धि आचार संहिता का खुला उल्लंघन है। सीएम को संबोधित
ज्ञापन इस प्रकार है-

मान्यवर ,
हम राजनैतिक दल एवं सामाजिक संगठन आपकी सरकार द्वारा राज्य में निरन्तर बढ़ाये जा रहे बिजली दरों ‌एवं बिजली विभाग को उद्योगपति अडाणी के हाथों देकर राज्य की जनता के साथ किये जा रहे छल फरेब की घोर निंदा करते हैं। मान्यवर ,आपके सरकारी प्रतिनिधि व‌‌ आपके पार्टी के नेता इस जनविरोधी फैसले को यह कहकर सही ठहरा रहे हैं कि अन्य राज्यों में बिजली उत्तराखण्ड से ज्यादा मंहगी है जो कि बेहद निन्दनीय है ।‌जैसाकि सर्वविदित है कि आपकी सरकार की नीतियों ने अब तक साबित किया है कि आपके लगभग सभी कार्य बड़े घरानों के हितों की पूर्ति करते रहे हैं और‌‌‌ बिजली की दरों में बढ़ोत्तरी एवं विभाग का निजीकरण भी इन्हीं नीतियों का हिस्सा है। प्रथम चरण के लोकसभा चुनाव में राज्य के आमजन द्वारा मतदान में कम संख्या में हिस्सेदारी करना या फिर बहिष्कार करने जैसी धारणाओं ने जनता के रुख को बता दिया है फिर भी आपकी सरकार सबक नहीं ले रही है। राज्य में चुनाव सम्पन्न होते ही आपकी सरकार द्वारा लिया गया उक्त निर्णय मनमानी का परिचय है ।
मान्यवर , इस ज्ञापन के माध्यम से अनुरोध है कि अविलम्ब उक्त जनविरोधी फैसले को वापस लें।

प्रतिनिधिमण्डल में सीपीआईएम जिलासचिव राजेन्द्र पुरोहित , अनन्त आकाश सचिव ,सीपीआईएम देहरादून, नवनीत गुसांई अध्यक्ष ,राष्ट्रीय उत्तराखण्ड पार्टी ,शोभाराम प्रदेश महामंत्री कांग्रेस कमेटी, भगवन्त पयाल, रविंद्र नौडियाल, जिलाउपाध्यक्ष /कोषाध्यक्ष , सीआईटीयू देहरादून, आजम खान ,अध्यक्ष भीम आर्मी देहरादून, सुरेश कुमार, अध्यक्ष उत्तराखण्ड आन्दोलनकारी परिषद, प्रभात डण्डरियाल, अध्यक्ष नेताजी संघर्ष समिति समेत अनेक सामाजिक कार्यकर्ता शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *