युवक को सरेराह पीटकर घायल किया, मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
हरिद्वार। कुछ युवकों ने सरेराह एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। पीड़ित की तरफ से तीन हमलावरों को नामजद करते हुए शहर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है। जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना चित्रा टाकीज के पास हैप्पी स्कूल वाली गली की है। क्षेत्र की बिल्वकेश्वर कालोनी निवासी दीपक शर्मा शनिवार को अपने दोस्त से मिलकर वापस लौट रहे थे। आरोप है कि अचानक कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता उन युवकों ने उस पर बेल्टों से हमला कर बुरी तरह से पीट दिया। जिसके बाद आरोपी उसे हत्या की धमकी देकर फरार हो गए। युवक की आंख के अलावा शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि पीड़ित मारपीट करने वाले युवकों के नाम कन्हैया, सत्यम और बॉबी बताए हैं। अन्य आरोपियों को भी चिन्हित किया जा रहा है।
