अपराध

उत्तराखंड के पते पर पासपोर्ट बनवाकर विदेश यात्रा कर ली यूपी के ग्राम प्रधान ने

 

रुड़की।  खानपुर के ग्रामीण ने बिजनौर के हिस्ट्रीशीटर पर खानपुर का फर्जी पता देकर पासपोर्ट बनवाने और पड़ोसी मुल्क की यात्रा करने की शिकायत की है। उसके मुताबिक यहां उसका वोट भी नहीं बना है। सीओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने का भरोसा दिया है। खानपुर के जोगावाला निवासी इम्तियाज ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और केंद्रीय गृह मंत्रालय को शिकायत भेजकर बताया है कि बिजनौर (यूपी) में मंडावर थाना क्षेत्र के व्यक्ति ने जोगावाला में भी कुछ प्रॉपर्टी खरीद रखी है, पर उसके पूरे परिवार के वोट बिजनौर में हैं। वह दो बार से वहां ग्राम प्रधान भी है। आरोप लगाया कि बिजनौर में उसके खिलाफ अपहरण, हत्या का प्रयास जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं, जिसके कारण वह थाने का हिस्ट्रीशीटर भी रहा है। खानपुर में भी उस पर गंभीर धाराओं के मुकदमे हैं। इम्तियाज के मुताबिक आरोपी ने जोगावाला का फर्जी पता देकर अपना व अपनी मां का पासपोर्ट बनवाया, और इस पर पड़ोसी मुल्क की यात्रा भी की है। इम्तियाज ने बताया कि यूपी के अधिकारियों से भी शिकायत की गई है। साथ ही उन्होंने इसी को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलने का समय भी मांगा है। बताया कि उन्हें लोकसभा चुनाव की आचार संहिता खत्म होने के बाद का समय दिया गया है। सीओ लक्सर का कहना है कि उन्हें अभी ऐसी शिकायत नहीं मिली है, फिर भी इसे गंभीरता से लेते हए जांच कराई जाएगी। उधर, जानकारी मिलने पर एलआईयू ने भी मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *