Friday, September 18, 2026
Latest:

स्वास्थ्य विभाग में रिक्त पदों को शीघ्र भरा जायेगाः डॉ. धन सिंह रावत

देहरादून। चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत लम्बे समय से रिक्त पड़े विभिन्न संवर्गों के पदों को शीघ्र भ्ररने के निर्देश दिये हैं। इसके अलावा चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड द्वारा चयनित ऐसे असिस्टेंट प्रोफेसरों जिन्होंने विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में कार्यभार ग्रहण नहीं किया है उनकी जगह प्रतीक्षा सूची से नये चिकित्सकों को नियुक्ति प्रदान की जायेगी। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को निर्देश दे दिये गये हैं।

चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास पर स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने विभाग में लम्बे समय से विभिन्न संवर्गों के अंतर्गत रिक्त चल रहे पदों को शीघ्र भरने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये।

उन्होंने कहा कि सूबे में चिकित्सकीय सेवाओं को और सुदृढ़ व सुलभ बनाने के लिये विभाग में विशेषज्ञ चिकित्सक, सामान्य चिकित्सक, फार्मासिस्ट, नर्सिंग पैरामेडिकल, तकनीकी स्टॉफ, विभागीय आईईसी सहित वार्ड ब्वॉय की शत-प्रतिशत तैनाती आवश्यक है ताकि प्रदेशभर के राजकीय चिकित्सालयों में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सके।

डॉ. रावत ने कहा कि पिछले दिनों प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से चयनित असिस्टेंट प्रोफेसर्स को नियुक्ति प्रदान की गई थी लेकिन चयनित अभ्यर्थियों में से कई ने कार्यभार ग्रहण नहीं किया जिस कारण आज भी मेडिकल कॉलेजों में कई पद रिक्त चल रहे हैं।

इस संबंध में अधिकारियों को रिक्त पदों की सूचना शीघ्र चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को भेजने के निर्देश दिये ताकि रिक्त पदों के सापेक्ष प्रतिक्षा सूची से असिसटेंट प्रोफेसरों की तैनाती की जा सके। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग में चिकित्सकों के लम्बे समय से रिक्त चल रहे पदों के सापेक्ष संविदा पर 200 चिकित्सकों की तैनाती की जायेगी, इसी प्रकार विभिन्न चिकित्सालयों में 30 दिसम्बर तक वार्ड ब्वॉय, आशा व एएनएम की शत-प्रतिशत तैनाती जनपद स्तर पर करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य एवं अनुश्रवण परिषद सुरेश भट्ट, कुलपति चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय प्रो हेम चंद्र, अपर सचिव स्वास्थ्य नमामि बंसल, गरिमा रौंकली, अमनदीप कौर, महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. विनीता शाह, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. आशुतोष सयाना, सीएमओ देहरादून डॉ संजय जैन सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *