उत्तराखंड में रजिस्ट्री फर्जीवाड़े के मास्टरमाइंड केपी सिंह की अस्पताल में मौत
सहारनपुर जेल में बिगड़ी केपी सिंह की तबीयत, अस्पताल में मौत हुई
देहरादून। उत्तराखंड में जमीनों की रजिस्ट्री फर्जीवाड़े में गिरफ्तार केपी सिंह की सहारनपुर में एक अस्पताल में मौत हो गयी। केपी सिंह की जेल में हालत बिगड़ गयी थी जिस पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत गयी। पिछले दिनों पुलिस केपी सिंह को बी वारंट पर देहरादून लेकर आई थी। इसके बाद उसे वापस सहारनपुर जेल भेज दिया गया था।
जेल प्रशासन ने केपी सिंह की मौत को सामान्य बताया है। सुबह केपी की तबीयत बिगड़ने पर पहले उसे जेल के चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। वहां से उसे एसबीडी जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां उसकी मौत हो गई। केपी सिंह कई बड़ी जमीनों के फर्जीवाड़े में शामिल रहा है। उसका गठजोड़ फर्जीवाड़े में शामिल देहरादून के वकील कमल वीरमानी से था।
केपी सिंह की इस तरह अचानक हुई मौत से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। इससे पहले इस मामले से जुड़े तीन लोगों की मौत पर पुलिस पहले ही संदेह जता चुकी है। इससे पहले तीन बाइंडर की बीते चार सालों में मौत हुई है। दो की शराब पीने और एक का एक्सीडेंट हुआ था। पुलिस ने जब इन मौतों का कारण जानने को जांच की तो पता चला कि तीनों में से किसी का भी पोस्टमार्टम नहीं कराया गया था। अब केपी सिंह की जेल में मौत सामान्य बताई जा रही है। यह किसी साजिश का हिस्सा तो नहीं है इसके सवाल पुलिस को ढूंढना चुनौती से कम नहीं है।
इस मामले में अब तक 17 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पिछले दिनों जब केपी सिंह की देहरादून पुलिस ने तलाश शुरू की थी तो वह नाटकीय ढंग से पुराने मामले में जमानत तुड़वाकर जेल चला गया था। केपी के खिलाफ सहारनपुर में भी मुकदमा दर्ज था। जबकि वह देहरादून के दो मुकदमों में नामजद था।
थाना कोतवाली नगर देहरादून में फर्जी रजिस्ट्री घोटालों से सम्बन्धित अभियोगों की विवेचना जनपद स्तर पर गठित एसआईटी द्वारा सम्पादित की जा रही है। उक्त अभियोगो में आरोपी कुंवरपाल सिंह उर्फ केपी सिंह पुत्र बलवीर सिंह निवासी मोहल्ला सुताजपुर नकुरपुर सहारनपुर का नाम आने पर एसआईटी द्वारा पूर्व में केपी सिंह को ‘वारण्ट बी’ पर न्यायालय में पेश कर चार दिन का ‘पुलिस कस्टडी रिमांड’ लिया गया था।
एसएसपी देहरादून ने आज इस संबंध में एसएसपी सहारनपुर व वरिष्ठ अधीक्षक जिला कारागार सहारनपुर से टेलिफोनिक वार्ता की गई तो आरोपी केपी सिंह की मौत प्रथम दृष्टता हाइपरटेंशन व हार्ट अटैक से होने की बात कही गयी।

