Monday, October 19, 2026
Latest:

सिर्फ 130 रुपये के लिए बुजुर्ग की हत्या से सनसनी

रूद्रपुर। पुलभट्टा थाना क्षेत्र में मात्र 130 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग की ईंट मारकर हत्या कर दी गयी। जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। परिजनो की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है।
मिली जानकारी के अनुसार बरेली निवासी मो. रफीक (70) पुत्र मसूद की बेटी नथिया का निकाह सिरौलीकलां निवासी छोटन के साथ हुआ है। बताया जा रहा है कि छोटन का पड़ोसियों से 130 रुपये के लेनदेन में विवाद हो गया था। इस दौरान मो. रफीक की बेटी नथिया और उसकी बहू भूरी को पड़ोसियों ने पीट दिया था। जिससे दोनों सास-बहू घायल हो गईं। परिजनों ने दोनों को रुद्रपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। मो. रफीक को शुक्रवार सुबह बेटी के घायल होने की सूचना मिली। उनका राजीनामा करवाने के लिए वह शाम भोजीपुरा से सिरौली में बेटी के घर पहुंचे। बताया जा रहा है कि समझौता वार्ता के दौरान दूसरे पक्ष ने ईंट, पत्थर, डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान कुल्हाड़ी के बेंट से मो. रफीक के सिर पर चोट लग गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े तो रिश्तेदार उन्हें लेकर सीएचसी पहुंचे। यहां डॉक्टर ने मो. रफीक को मृत घोषित कर दिया। एसओ कमलेश भटृ ने बताया कि 130 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग की ईंट मारकर हत्या कर दी गई है। मामले में परिजनों की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमों द्वारा दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *